कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने गुरुवार को बताया कि राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ का समापन आगामी 1 सितंबर को बिहार की राजधानी पटना में एक विशाल शोभायात्रा के साथ होगा। पार्टी के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने पूर्वी चंपारण जिले के ढाका में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि यह यात्रा एक धार्मिक तीर्थयात्रा की तरह रही है, जिसमें सभी समुदायों के लोग भाग ले रहे हैं। 1 सितंबर को पटना के गांधी मैदान से बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक जुलूस के रूप में इसका समापन होगा। यह अंत नहीं, बल्कि हमारी लोकतंत्र की रक्षा की नई यात्रा की शुरुआत होगी। पार्टी ने पहले कहा था कि उस दिन गांधी मैदान में एक रैली आयोजित की जाएगी।
एक सवाल के जवाब में खेड़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि लोग लंबे समय से प्रधानमंत्री की बयानबाजी से भ्रमित होते रहे हैं, लेकिन अब वे ऊब चुके हैं। हमें पूरा विश्वास है कि ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ का नारा ‘चौकीदार चोर है’ से कहीं अधिक प्रभावशाली साबित होगा। खेड़ा ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत पर भी आरोप लगाया कि वे मोदी को “कवर फायर” देने का प्रयास कर रहे हैं। भागवत ने हाल ही में अमेरिकी शुल्क वृद्धि के बाद महंगे होने वाले सॉफ्ट ड्रिंक के विकल्प के तौर पर ‘शिकंजी’ पीने की सलाह दी थी।
हम शिकंजी भी पीते हैं और गंगा-गंडक की धारा से निकला दूध; राजद सांसद
राजद सांसद संजय यादव, जो इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद थे, ने तंज कसते हुए कहा कि शायद भागवत जी अब उन लोगों को पसंद नहीं करते जिन्होंने कभी चाय बेची थी । उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है। हम शिकंजी भी पीते हैं और गंगा-गंडक की धारा से निकला दूध और पानी भी। उन्होंने प्रधानमंत्री पर यह आरोप भी लगाया कि वे गुजरात में रेल फैक्टरी की घोषणा करते हैं और बिहार को सिर्फ ऐसी ट्रेनों से संतोष दिलाते हैं, जो सिर्फ सस्ता मजदूर ढोने का काम करेंगी।