बिहार के भोजपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक महादलित किशोर के साथ एक सब इंस्पेक्टर द्वारा जबरन अपने आवास के अंदर गलत काम करने का मामला प्रकाश में आया है। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है और घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने थाने के बाहर जमकर बवाल मचाया। घटना जिले के जगदीशपुर प्रखंड के आयर थाना क्षेत्र से जुड़ी हुई है। नाबालिग बच्चे के द्वारा आयर थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर प्रभुनाथ सिंह पर गलत काम करने का आरोप लगाया जा रहा है।
इधर मामले की सूचना मिलते ही जगदीशपुर एसडीएम और एसडीपीओ सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल आयर थाना की पुलिस ने इस मामले में पीड़ित परिवार के लिखित आवेदन पर आरोपी दरोगा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि मंगलवार की देर शाम आयर थाना में तैनात सब इंस्पेक्टर प्रभुनाथ सिंह ने थाना क्षेत्र के रहने वाले एक 12 वर्षीय किशोर को अपने आवास पर खैनी लाने के लिए बुलाया। इसके बाद वह थाने के अपने सरकारी आवास के कमरे में ले जाकर जबरन गलत काम करने लगा। इस दौरान पीड़ित बच्चा चिल्लाता रहा, लेकिन आरोपी ने उसकी एक न सुनी। इसके बाद पीड़ित बच्चे ने रो-रोकर अपने साथ हुई आपबीती परिजनों को सुनाई।
पढ़ें; 2 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे 102 एम्बुलेंस कर्मी, बैठक में तय की गई रणनीति
पीड़ित परिजनों ने इस घटना को लेकर स्थानीय थाना प्रभारी को जानकारी दी। वहीँ यह घटना सुबह होते ही पूरे गांव में आग की तरह फैल गई और स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा। गुस्साए लोगों ने आयर थाने के बाहर जमकर बवाल मचाते हुए विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी दरोगा पर सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।
पीड़ित बच्चे की मानें तो आयर थाना में तैनात दरोगा प्रभुनाथ सिंह ने उसे मंगलवार की देर शाम अपने थाने के अंदर आवास में खैनी के बहाने बुलाया और मेरे साथ गलत काम किया। वहीं घटना को लेकर जगदीशपुर एसडीएम और एसडीपीओ ने बताया कि सूचना मिली है कि आयर थाने में पदस्थापित दरोगा के द्वारा एक नाबालिग बच्चे के साथ गलत काम करने का मामला सामने आया है।
पीड़ित बच्चे के परिजनों के आवेदन पर मामला दर्ज कर बच्चे को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी दरोगा को हिरासत में लेकर पूरे घटनाक्रम की छानबीन शुरू कर दी है। जगदीशपुर डीएसपी ने बताया कि बच्चे से गलत काम किए जाने की बात सामने आई है। आरोपी दरोगा को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।