बिहार विधानसभा चुनाव के पहले फेज की वोटिंग खत्म हो गई है। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक 64.46 फीसदी वोटिंग हुई है। बेगूसराय में सबसे ज्यादा 67.32% और शेखपुरा में सबसे कम 52.36% वोटिंग हुई। हालांकि अगर पहले चरण के मंत्रियों की सीटों पर बात की जाए तो सबसे ज्यादा कुढ़नी में 75.63% और सबसे कम बांकीपुर 40.00% में मतदान हुआ।
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 16 मंत्रियों की सीटों पर भी मतदान हुआ है। सभी में पिछले बार के मुकाबले ज्यादा मतदान हुआ है। सभी सीटों पर ज्यादा मतदान को दोनों पक्ष अपने-अपने फायदे में बता रहे हैं। सत्ता पक्ष की ओर से कहा जा रहा है कि जनता सरकार के कामों से खुश हैं इसलिए ज्यादा से ज्यादा लोगों ने मतदान किया है।
सम्राट चौधरी क्या बोले
डिप्टी सीएम और तारापुर से भाजपा प्रत्याशी सम्राट चौधरी ने कहा कि मैं बिहार प्रशासन, बिहार की जनता और चुनाव आयोग का धन्यवाद करना चाहता हूं कि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। बिहार में आम मतदाताओं ने जिस तरह से बढ़-चढ़कर मतदान किया है, उससे साफ दिखता है कि इस बार पिछले चुनाव की तुलना में वोटिंग प्रतिशत में 4 से 5 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। हमारे प्रतिनिधियों से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार पहले चरण के बाद एनडीए 121 में से करीब 100 सीटों पर जीत रही है, और यह परिणाम 2010 के रिकॉर्ड को तोड़ने वाला होगा। महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को भी आज के चुनाव में हार का सामना करना पड़ेगा। इस बार भी लालू प्रसाद यादव के पूरे परिवार में से कोई भी चुनाव नहीं जीतेगा। सभी को इस बार हार का सामना करना पड़ेगा। वहीं विपक्ष का मानना है कि ज्यादा मतदान सरकार की खिलाफ नाराजगी बताता है। लोग वर्तमान सरकार के मंत्रियों से खुश नहीं है और यही नाराजगी उन्होंने मतदान में बदली है।
क्या बोले तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार ने प्रथम चरण में बदलाव के लिए मतदान किया है। हर बिहारवासी ने 20 साल के अंधकार को मिटाने के लिए, घर से निकल कर परिवर्तन की ऐसी रोशनी जलाई कि पूरे बिहार में सुख, समृद्धि, सुरक्षा, सम्मान, सौहार्द, शांति और खुशहाली की दस्तक सुनाई देने लगी है। 20 साल में पहली बार इस तरह की अभूतपूर्व बदलाव की लहर महागठबंधन के पक्ष में दिखाई दे रही है। हर घर से ही नहीं, हर हृदय से भी सिर्फ एक ही आवाज सुनाई दे रही है कि इस बार नई युवा सरकार लायेंगे, हर घर से सरकार चलायेंगे और हर बिहारवासी को सीएम यानी चिंता मुक्त और चेंज मेकर बनायेंगे।
महिलाएं, बुजुर्ग और हमारे युवा साथियों ने जिस जोश, जुनून , जज़्बे, उम्मीद और उत्साह के साथ लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की, उससे साफ हो चुका है कि बिहार में महापरिवर्तन होने जा रहा है। 20 वर्षों से बेरोजगारी, गरीबी, अपराध, अन्याय, ग़ैर बराबरी, अत्याचार, भ्रष्टाचार और अनगिनत पीड़ाओं का अंत होने जा रहा है। सभी 121 सीटों पर बिहारवासियों ने महागठबंधन के उम्मीदवारों के पक्ष में एकमुश्त वोट किया है। सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद।
आप लोग मेरी शक्ति और बिहार के परिवर्तन युग के प्रकाश पुंज है। अभी थमना नहीं है, रुकना नहीं है। तकनीकी से तरक्की का प्रकाश थोड़ी ही दूर पर जगमगाता दिख रहा है। हमें विनम्रता के साथ मंजिल तक मजबूत कदम रखते हुए पहुंचना है। विपक्ष द्वारा उत्पन्न बाधाओं का सामना करते हुए, लोकतंत्र और संविधान पर आए खतरे को मिटाते हुए, जनता जनार्दन के हर सपने को लक्ष्य तक पहुंचाना है। आप सभी प्रथम चरण की भांति ही दूसरे चरण यानि 11 नवंबर को भी अपना प्रेम, आशीर्वाद, स्नेह और सहयोग तेजस्वी को दें। आपका बेटा, भाई और साथी, तेजस्वी वचन देता है कि अगले पांच वर्षों में बिहार को इतना खुशहाल बनाएंगे कि 14 नवंबर की तारीख को लोग त्योहार के रूप में मनाने लगेंगे, एक ऐसे दिन के रूप में जिस दिन बिहार में विकसित बनने वाली तरक्की का आगमन हुआ था।
जनसुराज ने क्या कहा?
जनसुराज के ऑफिशियल एक्स अकाउंट पर लिखा गया कि आज बिहार रिकॉर्ड तोड़ मतदान कर रहा है। शाम पांच बजे तक 61 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया है। अभी ये आंकड़े और बढ़ेंगे, लेकिन अभी तक के आंकड़ों ने ही पिछले कई विधानसभा चुनावों के आंकड़ों को पीछे छोड़ दिया है। इतनी बड़ी संख्या में लोगों का घरों से बाहर निकलकर वोट देना इस बात का साफ संकेत दे रहा है कि बिहार की जनता बदलाव के लिए वोट कर रही है, अपने बच्चों की शिक्षा और रोजगार के लिए वोट दे रही है। विश्वास रखिए, 14 नवंबर को जनता का राज आ रहा है, जन सुराज आ रहा है।