कैमूर के पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला
- फोटो : अमर उजाला
लोकतंत्र के महापर्व के अवसर पर आज जिले में मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे से जिले के सभी बूथों पर शांतिपूर्ण तरीके से शुरू हुई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी ने 205-भभुआ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत अपने निर्धारित मतदान केंद्र संख्या-167, जल संसाधन विभाग कार्यालय (पश्चिमी भाग) पर सुबह 7 बजे पहुंचकर सबसे पहले मतदान किया। वहीं कैमूर के पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला ने भी बूथ संख्या 165, नगर पालिका मध्य विद्यालय में अपना मताधिकार प्रयोग किया।
डीएम और एसपी दोनों अधिकारियों ने मतदान कर जिलेवासियों को लोकतंत्र के इस उत्सव में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया। मतदान के उपरांत जिला निर्वाचन पदाधिकारी और एसपी ने कहा कि “मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य भी है। एक-एक वोट लोकतंत्र की नींव को मजबूत करता है।” उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे अपने-अपने मतदान केंद्रों पर निर्भय, निष्पक्ष और उत्साहपूर्वक मतदान करें तथा कैमूर को सर्वाधिक मतदान प्रतिशत वाला जिला बनाने में योगदान दें।
ये भी पढ़ें- Delhi Blast News Live: ब्लास्ट में नौ की मौत, करीब 40 घायल; पीएम मोदी ने गृह मंत्रालय से ली धमाके की जानकारी
जिला प्रशासन ने सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा, सुविधाओं और सुगम मतदान के लिए पुख्ता व्यवस्था की है। दिव्यांग मतदाताओं, वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं ताकि कोई भी मतदाता मतदान से वंचित न रहे। अधिकारियों ने कहा कि “हर वोट महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी लोग समय निकालकर अवश्य मतदान करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि अधिकतम मतदान सुनिश्चित हो सके।” वहीं, पहली बार मतदान करने पहुंची साक्षी कुमारी में खासा उत्साह देखा गया। उसने मतदान करने के बाद खुशी जाहिर करते हुए कहा कि “पहली बार वोट डालकर बहुत अच्छा लगा।” साक्षी ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की कि वे बढ़-चढ़कर मतदान करें और बिहार के विकास में अपनी भागीदारी निभाएं।