बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सासाराम सीट से एनडीए समर्थित उम्मीदवार स्नेह लता कुशवाहा के समर्थन में रोड शो करने पहुंचे भोजपुरी पावर स्टार पवन सिंह को राजद समर्थकों के विरोध का सामना करना पड़ा।
भाजपा नेता सह भोजपुरी गायक पवन सिंह बुधवार को जिले के तिलौथू में रोड शो कर रहे थे। इस दौरान राजद समर्थकों की एक युवा टोली ने भीड़ के बीच अचानक राजद जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। यही नहीं, सभी समर्थक पार्टी का झंडा लेकर पहुंचे थे और उसे हवा में लहराते हुए लगातार नारेबाजी करते रहे। राजद समर्थक एनडीए प्रत्याशी स्नेह लता कुशवाहा और पवन सिंह के वाहन के सामने झंडा लहराने लगे, जिससे कुछ देर के लिए माहौल असहज हो गया।
पढ़ें: 'बिहारी गौरवशाली परंपरा का वारिस', सासाराम में सीएम योगी की सभा; कांग्रेस, राजद और सपा को घेरा
सासाराम में भी नाराज दिखीं महिलाएं
तिलौथू से रोड शो की शुरुआत कर सासाराम पहुंचे पवन सिंह को देखने के लिए शहर की सड़कों पर भारी भीड़ उमड़ी। जगह-जगह लोगों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और पवन सिंह ने भी हाथ जोड़कर अभिवादन स्वीकार किया। हालांकि, सासाराम के पोस्ट ऑफिस चौक पर काफी संख्या में मौजूद महिलाओं ने पवन सिंह के प्रति नाराजगी जताई। महिलाओं का कहना था कि पवन सिंह को अपनी पत्नी ज्योति सिंह को सम्मान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति अपनी पत्नी का सम्मान नहीं कर सकता, तो समाज भी उसे सम्मान नहीं देगा। महिलाओं की नाराजगी भांपते हुए पवन सिंह का काफिला वहां से तेजी से आगे बढ़ गया। इस दौरान भीड़ में “जिंदाबाद-मुर्दाबाद” के मिश्रित नारे सुनाई दिए।