बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में जनता दल यूनाइटेड (JDU) के प्रत्याशी और मोकामा के चर्चित नेता अनंत सिंह ने मोकामा विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल किया है। राज्य में पहले चरण के लिए नामांकन की प्रक्रिया 17 अक्टूबर तक चलेगी।
पत्नी नीलम देवी निकलीं ज्यादा संपत्ति की मालकिन
नामांकन प्रक्रिया के तहत भारत निर्वाचन आयोग के समक्ष दाखिल चुनावी हलफनामे (एफिडेविट) में अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी की संपत्तियों का पूरा ब्योरा सामने आया है। हलफनामे के अनुसार, अनंत सिंह के पास 26.66 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 11.22 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। वहीं उनकी पत्नी नीलम देवी के पास 13.7 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 49.65 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति दर्ज है।
लैंड क्रूजर से लेकर जेवर तक में निवेश
हलफनामे के अनुसार अनंत सिंह ने इसी वर्ष 2 करोड़ रुपये से अधिक की लैंड क्रूजर कार खरीदी है। दंपति ने मिलकर करीब 91 लाख रुपये की रकम सोने-चांदी के जेवरात में निवेश की है। इसके अलावा, अनंत सिंह पर 27.49 करोड़ रुपये और उनकी पत्नी नीलम देवी पर 23.51 करोड़ रुपये का कर्ज (लोन) भी दर्ज है।
ये भी पढ़ें: Bihar Election : आर या पार, विपक्षी गठबंधन में आज होगा साफ; बिहार चुनाव में महागठबंधन या I.N.D.I.A. उतरेगा?
बैंक खातों और नकदी का ब्योरा
हलफनामे के मुताबिक, अनंत सिंह के पास 15 लाख 61 हजार 498 रुपये नकद हैं, जबकि उनकी पत्नी नीलम देवी के पास 3 लाख 46 हजार 81 रुपये कैश है। बैंक खातों में अनंत सिंह के पास एसबीआई अकाउंट में 80 लाख 28 हजार 245 रुपये, पीएनबी में 33 हजार 887 रुपये, 1 लाख 25 हजार 901 रुपये और 2528 रुपये जमा हैं। एसबीआई के ही एक अन्य खाते में उनके पास 8 हजार 906 रुपये हैं।
सोना-चांदी और पशुधन की जानकारी
अनंत सिंह के पास लगभग 15 लाख रुपये के सोने के जेवरात हैं, जबकि उनकी पत्नी नीलम देवी के पास 76 लाख 61 हजार रुपये के सोने-चांदी के गहने हैं। हलफनामे में अनंत सिंह ने यह भी बताया है कि उनके पास गाय, भैंस, घोड़ा और हाथी जैसे पशुधन भी हैं, जिनकी कुल कीमत 1 लाख 90 हजार रुपये आंकी गई है।
जमीन और बिल्डिंग्स से भी जुड़ी संपत्ति
अनंत सिंह के पास विभिन्न कृषि, गैर-कृषि और कमर्शियल बिल्डिंग्स की संपत्तियां हैं, जिनकी कुल कीमत 11 करोड़ 22 लाख 82 हजार 990 रुपये बताई गई है। वहीं उनकी पत्नी नीलम देवी के पास इसी श्रेणी में 49 करोड़ 65 लाख रुपये की संपत्तियां दर्ज हैं।