रोहतास जिले में अब अधिकारी भी सुरक्षित नहीं हैं। जिले के दरिगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत कैमूर पहाड़ी पर सूर्यपुरा अंचल की अंचलाधिकारी के साथ लूटपाट और मारपीट की वारदात सामने आई है। घटना गुरुवार शाम की है, जब सीओ गोल्डी कुमारी अपने एक मित्र के साथ प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने कैमूर पहाड़ी गई थीं।
इसी दौरान कुछ बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट करते हुए उनके पास से नकदी और मोबाइल फोन छीन लिया। वारदात के बाद अंचलाधिकारी ने दरिगांव थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की तत्परता, तीन आरोपी चढ़े हत्थे
दरिगांव थानाध्यक्ष कपिलदेव पासवान ने बताया कि गिरफ्तार तीनों युवक करसेरुआ गांव के रहने वाले हैं। आरोपियों की पहचान शुभम उर्फ संदीप बिंद, पवन कुमार और जैकी गुप्ता के रूप में की गई है। सभी को उनके घर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। इस घटना ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर जब अधिकारी भी अपराधियों के निशाने पर आ रहे हैं।