पटना के बाढ़ अनुमंडल के पंडारक थाना क्षेत्र अंतर्गत लेमुआबाद गांव में किराना दुकानदार को गोली मारने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर एक देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
जानकारी देते हुए एसडीपीओ-1 आनंद कुमार सिंह ने बताया कि घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। इस दौरान नामजद आरोपी बिट्टू कुमार को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर पीयूष कुमार और दिलखुश कुमार उर्फ गोला को भी पुलिस ने दबोच लिया।
पढ़ें: भूमि विवाद में खूनी संघर्ष का वीडियो वायरल, घटना में युवक की मौत के 30 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली
एसडीपीओ ने बताया कि तीनों गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर एक देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। सभी के खिलाफ अग्रिम विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि बुधवार को तीनों युवक एक साथ दुकान पर पहुंचे थे और लगभग 300 रुपये का सामान लेने के बाद पैसे मांगने पर दुकानदार से विवाद हो गया। इसी दौरान आक्रोश में एक आरोपी ने फायरिंग कर दी, जिससे गोली दुकानदार की हथेली में लग गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिन पर आर्म्स एक्ट सहित अन्य मामले दर्ज हैं। घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी अभी नहीं हो सकी है, हालांकि जो हथियार बरामद हुआ है वह किसी वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से रखा गया था।