मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में सितंबर माह की पहली कैबिनेट की बैठक संपन्न हो गई। उनकी अध्यक्ष में 49 महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर मुहर लगी। सीएम नीतीश कुमार सरकारी नौकरी को लेकर किए गए अपने वादे को ध्यान में रखते हुए अनुसूचित जाति जनजाति कल्याण विभाग के अंतर्गत नव स्वीकृत 40 आवासीय विद्यालयों में 10+2 के नए शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक कल 1800 पदों के सृजन को स्वीकृति दे दी है। वहीं कला, संस्कृति एवं युवा विभाग में 25 पदों के सृजन की स्वीकृति प्रदान की गई है। अपर मुख्य सचिव, अरविंद चौधरी ने बताया कि डॉक्टर भीम राव अम्बेडकर 10+2 अनुसूचित जाति एवं जनजाति आवासीय विद्यालय में जल्द बहाली की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इनमें प्रधानाध्यापक के 40 पद, कक्षा 11 से 12 तक के अध्यापक के 760 पद, कक्षा 6 से 10 तक के अध्यापक के 360 पद, कक्षा 1 से 5 तक के अध्यापक के 280 पद और गैर-शैक्षणिक कर्मियों के 360 पद शामिल हैं।
इन्टर्न जूनियर डॉक्टरों की छात्रवृत्ति में वृद्धि
राज्य के सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों, दन्त महाविद्यालयों, आयुर्वेदिक, यूनानी और होमियोपैथी के इन्टर्न की छात्रवृत्ति में बढ़ोतरी के प्रस्ताव पर भी मंत्रिपरिषद ने अपनी मुहर लगा दी है। अब सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों के इन्टर्न को 20 हजार रूपये की जगह 27 हजार, दन्त महाविद्यालय के इन्टर्न को 20 की जगह 27 हजार, आयुर्वेदिक, यूनानी व होमियोपैथी के इन्टर्न और विदेशी आयुर्विज्ञान के स्नातक के इन्टर्न कोभी 20 हजार की जगह 27 हजार रूपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। जबकि फिजियोथेरेपी और अक्यूप्रेशर के इन्टर्न को 15 हजार की जगह 20 हजार रूपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। बिहार सरकार ने तकनीकी सहायक एवं लेखापाल सह आईटी सहायक के मासिक मानदेय में भी भारी वृद्धि की है। तकनीकी सहायकों को अब 27 हजार की जगह 40 हजार रूपये और लेखापाल सह आईटी सहायकों को 20 हजार की जगह 30 हजार रूपये का मानदेय मिलेगा।
गोपालगंज को मिलेगा 720 सीटिंग वाला आवासीय विद्यालय
गोपालगंज जिले में 720 सीटिंग क्षमता वाले विद्यालय भवन का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए कैबिनेट की ओर से 65 करोड़ 80 लाख 11 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। यहां छात्रों को मुफ्त आवास, खान-पान और शिक्षा की सुविधा उपलब्ध होगी। बताते चलें, वर्तमान में राज्य में अनुसूचित जाति के लिए 66 और अनुसूचित जनजाति के लिए 25 आवासीय विद्यालय संचालित हैं। कैबिनेट की ओर से सरकार ने 28 नए विद्यालयों के भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। जहां 10+2 स्तर तक शिक्षा उपलब्ध होगी।