पटना के चाणक्य नगर में एक निर्माणाधीन मकान के सेप्टिक टैंक की सेंट्रिंग खोलते समय दो मजदूर उसमें दब गए। हादसे में 20 वर्षीय नीरज कुमार और 35 वर्षीय रामबाबू राय की मौत हो गई।
पटना सिटी के अगमकुआं थाना क्षेत्र अंतर्गत चाणक्य नगर में एक निर्माणधीन मकान में दर्दनाक हादसा हुआ। निर्माणाधीन मकान में बने सेप्टिक टैंक की सेंट्रिंग खोलते समय दो मजदूर उसमें दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मृतक मजदूरों की पहचान वैशाली जिले के राघोपुर-पहाड़पुर निवासी 20 वर्षीय नीरज कुमार और 35 वर्षीय रामबाबू राय के रूप में हुई है। दोनों मजदूर पटना कुम्हरार में काम करने आए थे।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिवार वालों की भीड़ घटनास्थल पर पहुंच गई। परिजन रोने-बिलखने लगे और मृतक मजदूरों के परिजनों ने मकान मालिक से मुआवजे की मांग की। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजकर पोस्टमार्टम करवा दिया। अगमकुआं थाना प्रभारी नीरज कुमार झा ने बताया कि परिवार वालों ने लिखित आवेदन में बताया है कि दोनों मजदूरों की मौत सेप्टिक टैंक में दम घुटने से हुई। इस हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी है और स्थानीय प्रशासन द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।