फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: ग्रीस तक पहुंचा बिहार का मखाना, ‘वोकल फॉर लोकल’ की सफलता का उदाहरण: संजय सरावगी

Sun, 25 Oct 2026 02:55 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

सार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ के 139वें संस्करण में बिहार के मखाना की वैश्विक पहचान और स्वच्छता पर चर्चा हुई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने ‘वोकल फॉर लोकल’, स्थानीय उत्पादों और जनभागीदारी को विकसित भारत के लिए महत्वपूर्ण बताया।

 

विज्ञापन
संजय सरावगी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने रविवार को अटल सभागार स्थित बिहार भाजपा कार्यालय में बूथ संख्या 397 पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 139वां संस्करण सुना। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के जनकल्याण, राष्ट्रसेवा, स्वच्छता, स्वदेशी और जनभागीदारी से जुड़े विचारों को प्रेरणादायी बताया।

कार्यक्रम के बाद संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘मन की बात’ के माध्यम से देशवासियों को सकारात्मक कार्यों, सामाजिक जिम्मेदारियों और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी के लिए प्रेरित करते हैं। यह कार्यक्रम देश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे नवाचारों, जनकल्याणकारी प्रयासों और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम बन चुका है।

उन्होंने प्रधानमंत्री की ओर से बिहार के पूर्णिया के मखाना के यूरोपीय देश ग्रीस तक पहुंचने का उल्लेख किए जाने पर आभार जताया। उन्होंने कहा कि बिहार के सीमांचल क्षेत्र में उत्पादित मखाना अपनी गुणवत्ता और अंतरराष्ट्रीय मांग के कारण वैश्विक बाजार में पहचान बना रहा है। यह बिहार के किसानों की मेहनत और प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान की सफलता का महत्वपूर्ण उदाहरण है।

संजय सरावगी ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने, बेहतर पैकेजिंग और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच बनाने से किसानों, उद्यमियों और छोटे कारोबारियों के लिए नए अवसर खुल रहे हैं। प्रधानमंत्री का यह संदेश बिहार के कृषि उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में उत्साह बढ़ाने वाला है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री ने दीपावली और छठ महापर्व सहित आगामी त्योहारों के संदर्भ में स्वच्छता के महत्व को रेखांकित किया है। छठ बिहार की आस्था, लोकपरंपरा और प्रकृति के प्रति सम्मान का महापर्व है। ऐसे में घाटों, तालाबों, नदियों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान को केवल त्योहारों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। जल स्रोतों की रक्षा और आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

विज्ञापन


पढे़ं:  पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़, अंजनी हत्याकांड के मुख्य आरोपी के पैर में मारी गोली 

संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने दीपावली पर स्थानीय कारीगरों और छोटे उद्यमियों के बनाए उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की है। ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ रोजगार सृजन और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को गति देती है। उन्होंने लोगों से स्थानीय उत्पादों को अपनाने और स्वदेशी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ‘मन की बात’ में अंगदान के प्रति जागरूकता, ई-संजीवनी, विज्ञान एवं अनुसंधान, ब्रेन रिसर्च और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर चर्चा समाज को नई दिशा देती है। इन क्षेत्रों में जागरूकता और जनभागीदारी से देश की विकास यात्रा को नई गति मिल सकती है।

इस अवसर पर बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा और रामकृपाल यादव, पूर्व मंत्री एवं विधान पार्षद हरि साहनी, विधायक मनोज शर्मा और संजय गुप्ता, विधान पार्षद अनामिका पटेल और अरविंद शर्मा, प्रदेश महामंत्री धनराज शर्मा, प्रीति शेखर और राजेश झा, पूर्व विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, मनोज सिंह और अनामिका पासवान, उद्यमी आयोग के अध्यक्ष सुरेश रूंगटा, महिला आयोग की सदस्य पिंकी कुशवाहा, मुख्यालय प्रभारी अक्षय कुमार, पूर्व महामंत्री राधा मोहन शर्मा, बिहार की पूर्व मंत्री सीता सिन्हा, पटना की उप महापौर रश्मि चंद्रवंशी, प्रवक्ता राकेश सिंह, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अमित प्रकाश बबलु, सुनील सेवक, सूरज पांडे, कार्यालय मंत्री विनय केशरी और पूर्व विधायक ललन पासवान सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें