पटना में एआई समिट में शामिल हुए सैकड़ों लोग।
- फोटो : अमर उजाला
तकनीक के इस्तेमाल से लोगों की समस्याओं का समाधान तेजी से होगा
सम्राट चौधरी ने पंचायत स्तर पर आयोजित हो रहे सहयोग शिविरों का जिक्र करते हुए कहा कि तकनीक के इस्तेमाल से लोगों की समस्याओं का समाधान तेजी से होगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी आवेदन पर तीन दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं होती है तो संबंधित अधिकारी पर जवाबदेही तय की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि व्यवस्था ऐसी बनाई जाए जिससे आम लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। उन्होंने युवाओं से बिहार के विकास के लिए सुझाव देने की अपील भी की।
रोजगार और उद्योग बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार लौट रहे प्रवासी श्रमिकों और युवाओं की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य में रोजगार और उद्योग बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में राज्य के सभी 534 प्रखंडों में मॉडल स्कूल खोले जाएंगे। नगर निगम क्षेत्रों में पांच-पांच मॉडल स्कूल और छोटे जिलों में तीन से चार मॉडल स्कूल स्थापित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और मंत्रियों से इन स्कूलों की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा।
सरकार 20 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य लेकर काम कर रही
मुख्यमंत्री ने गंगा नदी पर 125 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेस-वे निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि करीब 30 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना को अगले तीन वर्षों में पीपीपी मॉडल पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए राज्य के 211 प्रखंडों में डिजिटल लाइब्रेरी और रीडिंग जोन विकसित किए जाएंगे। साथ ही उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सरकार 20 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य लेकर काम कर रही है।