Bihar Accident: बताया गया कि अनिल किसी काम से नारायणपुर गांव आया हुआ था। इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पटना जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नारायणपुर महादलित बस्ती के पास मंगलवार को अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पटना एम्स भेज दिया।
मृतक की पहचान पिपलाव थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव निवासी शिवबचा चौधरी के 37 वर्षीय पुत्र अनिल चौधरी के रूप में हुई है। बताया गया कि अनिल किसी काम से नारायणपुर गांव आया हुआ था। इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही परिजनों में मातमी माहौल छा गया। पूरे गांव में शोक की लहर है। उधर, पुलिस ने कहा कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है, ताकि दुर्घटना करने वाले वाहन और चालक की पहचान की जा सके।