Bihar: उपमुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में बाढ़ नियंत्रण को सुदृढ़ करना, सिंचाई की क्षमता को बढ़ाना और जल संचयन में सुधार करना है। इससे न सिर्फ किसानों को लाभ मिलेगा, बल्कि स्थानीय जल संसाधनों का भी समुचित प्रबंधन संभव हो पाएगा।
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि दरभंगा जिले के बेनीपुर प्रखंड स्थित धेरूख गांव में पुरानी कमला नदी पर गेटेड वीयर और उससे संबंधित निर्माण कार्यों की योजना को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। इस परियोजना पर कुल 26 करोड़ 26 लाख 5 हजार 421 रुपये खर्च किए जाएंगे।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में बाढ़ नियंत्रण को सुदृढ़ करना, सिंचाई की क्षमता को बढ़ाना और जल संचयन में सुधार करना है। इससे न सिर्फ किसानों को लाभ मिलेगा, बल्कि स्थानीय जल संसाधनों का भी समुचित प्रबंधन संभव हो पाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जल संसाधन प्रबंधन को लेकर गंभीर है और नीतीश कुमार के नेतृत्व में बाढ़ जैसी आपदाओं से निपटने की क्षमता में काफी सुधार हुआ है। सम्राट चौधरी ने कहा कि 2007-08 में जब नेपाल की ओर से एक लाख 93 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था, तो राज्य के 15 जिले बुरी तरह बाढ़ की चपेट में आ गए थे। लेकिन पिछले साल जब छह लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया, तब भी केवल 156 गांवों में ही बाढ़ का प्रभाव पड़ा।
उन्होंने इसे राज्य सरकार के आपदा प्रबंधन और जल नियंत्रण प्रणाली की बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि पहले जहां बाढ़ विनाश का कारण बनती थी, अब वही पानी बेहतर प्रबंधन के जरिए विकास का जरिया बनता जा रहा है।