भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के तरारी विधानसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित विधायक विशाल प्रशांत का एक धमकी भरा बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में विधायक जनसभा को संबोधित करते हुए अधिकारियों को चेतावनी देते दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम धरना-प्रदर्शन करने वाले विधायक नहीं हैं। जो हमारी बात नहीं सुनेगा, उसे उठाकर फेंक देंगे। यह बयान उस समय दिया गया जब विधायक जन समस्या निवारण केंद्र के उद्घाटन कार्यक्रम में जनता को संबोधित कर रहे थे। वायरल वीडियो ने बिहार की सियासत में गर्माहट पैदा कर दी है।
जन समस्या निवारण केंद्र का उद्घाटन
तरारी विधानसभा में जन समस्या निवारण केंद्र का उद्घाटन जनता की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से किया गया। इस केंद्र पर आम जनता अपनी शिकायतें सीधे विधायक तक पहुंचा सकती है, जहां समाधान का प्रयास विधायक स्तर पर किया जाएगा। कार्यक्रम में विधायक विशाल प्रशांत ने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यहां कोई ऐसा अधिकारी नहीं है जो हमारी बात को अनसुना करे। अगर ऐसा हुआ तो हम उसे उठाकर फेंक देंगे। यह बयान न केवल सभा में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बना, बल्कि सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे राज्य में राजनीतिक बहस छेड़ दी है।
सोशल मीडिया पर आईं ऐसी प्रतिक्रियाएं
सोशल मीडिया पर इस बयान ने बवाल मचा दिया है। कई यूजर्स विधायक के इस आक्रामक रवैये की आलोचना कर रहे हैं, तो कुछ लोग इसे उनके ‘सख्त नेतृत्व’ का उदाहरण मान रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि यह तरीका सही नहीं है, लोकतंत्र में ऐसी धमकी देना जायज नहीं। वहीं, दूसरे यूजर्स ने कहा कि कम से कम विधायक अपने क्षेत्र के लिए संजीदा हैं और अधिकारियों को लापरवाही नहीं करने देंगे। वहीं, राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि यह बयान बिहार की राजनीति में नए विवादों को जन्म देगा। यह बयान ऐसे समय में आया है, जब राज्य में प्रशासन और जनता के बीच विश्वास बहाली की जरूरत महसूस की जा रही है।
तरारी विधायक और उनकी राजनीतिक पृष्ठभूमि
विशाल प्रशांत भोजपुर जिले के बाहुबली नेता और पूर्व विधायक सुनील पांडे के बेटे हैं। उन्होंने नवंबर 2024 में तरारी विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी के टिकट पर जीत हासिल की थी। विधायक बनने के बाद विशाल प्रशांत का यह बयान उनके तेज-तर्रार और आक्रामक नेतृत्व शैली को दर्शाता है। हालांकि यह स्पष्ट है कि इस बयान ने उनके समर्थकों और आलोचकों के बीच एक स्पष्ट रेखा खींच दी है।