भोजपुर जिले के चर्चित भरत भूषण तिवारी कथित एनकाउंटर मामले में एक बार फिर नया घटनाक्रम सामने आया है। न्याय की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच सोशल मीडिया पर कथित धमकी देने और गांव में मारपीट करने के आरोप में शाहपुर थाना में दो अलग-अलग आवेदन दिए गए हैं। दोनों मामलों में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
न्याय दिलाने के गुहार लगाई तो मिली गालियां
पहला मामला भरत भूषण तिवारी की मां आशा देवी से जुड़ा है। शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव निवासी आशा देवी ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि हाल के दिनों में उन्होंने अपने पुत्र को न्याय दिलाने के लिए विभिन्न जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की थी। इसके बाद 28 जुलाई की सुबह एक व्यक्ति ने उनके मोबाइल पर फोन कर कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आवेदन में यह भी कहा गया है कि इससे पहले 11 जुलाई को भी सोशल मीडिया के माध्यम से अभद्र भाषा का प्रयोग कर धमकी दी गई थी। इस मामले में गांव के दो लोगों को नामजद करते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
भरत तिवारी के रिश्तेदार के साथ हुई मारपीट
वहीं, दूसरा मामला भरत भूषण तिवारी के रिश्तेदार अंशु कुमार उर्फ लव तिवारी की ओर से दर्ज कराया गया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि 28 जुलाई की शाम बिलौटी गांव में कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की, जिसमें उन्हें चोटें आईं। आवेदन में कहा गया है कि घटना के दौरान बीच-बचाव करने आए लोगों के सामने भी उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। साथ ही पूर्व में मोबाइल पर धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है। उन्होंने आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते हुए अपनी जान-माल की सुरक्षा की भी गुहार लगाई है।
ये भी पढ़ें-
बिहार के सरपंच की यूपी में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों में मचा कोहराम; जांच में जुटी पुलिस
शाहपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों लोगों से प्राप्त आवेदनों के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों, गवाहों के बयान और तकनीकी तथ्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।