बिहार के बक्सर में मंगलवार शाम जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बैरी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। इसी दौरान एक पक्ष की ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। गोलीबारी में एक ही परिवार के तीन लोगों को गोली लग गई। किसी के पेट में तो किसी के कमर और पैर में गोली लगी है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजन तीनों घायलों को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।
गाय को चारा खिलाने जा रहे युवक पर पहले चलाई गोली
जानकारी के अनुसार, बैरी गांव में पाटीदारों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार को इसी रंजिश में दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। बताया जाता है कि राजा तिवारी के पुत्र पवन तिवारी (45) गाय को चारा खिलाने जा रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के जयप्रकाश तिवारी, मनीष तिवारी, चुन्नू तिवारी, श्रीमन नारायण तिवारी और श्याम नारायण तिवारी समेत करीब 10 लोगों ने कथित तौर पर उन पर फायरिंग कर दी। एक गोली पवन की कमर में लगी।
बचाने पहुंचे चचेरे भाई और दूसरे भाई को भी लगी गोली
गोली चलने की आवाज सुनकर पवन के चचेरे भाई बृजनंदन तिवारी (30), पिता जगदीश तिवारी, मौके पर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने उन पर भी गोली चला दी, जो उनके पैर में लगी। इसी बीच राजा तिवारी के दूसरे पुत्र बुल्लू उर्फ बिल्लू तिवारी (50) भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्हें पेट में गोली लग गई। देखते ही देखते तीनों घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
तीनों को वाराणसी किया गया रेफर
परिजन तीनों घायलों को आनन-फानन में बक्सर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि तीनों को गोली लगने से चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस की छापेमारी, आरोपियों की तलाश तेज
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय, नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह और मुफस्सिल थानाध्यक्ष समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से भूमि विवाद चला आ रहा था। मंगलवार को एक पक्ष की ओर से फायरिंग की गई, जिसमें तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों से पूछताछ की गई है और उन्होंने कुछ लोगों के नाम बताए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।