फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: गया में पुलिस महकमे में हड़कंप, एसआई के कथित ऑडियो में मंथली और रिश्वत की चर्चा; एसएसपी को सौंपी जांच

Wed, 11 Nov 2026 08:27 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गया जी

सार

बिहार के गया स्थित विष्णुपद थाने में तैनात एसआई ऋषि रंजन से जुड़े तीन कथित ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल है। ऑडियो में मंथली, कार्रवाई रुकवाने के बदले पैसे के लेन-देन और थाने में शराब मंगवाने की कथित बातचीत का दावा किया जा रहा है। मामला आईजी विकास वैभव तक पहुंचा है। उन्होंने एसएसपी सुशील कुमार को जांच सौंपी है।
विज्ञापन
आईजी विकास वैभव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार के गयाजी में पुलिस महकमे से जुड़ा एक कथित ऑडियो मामला चर्चा में है। विष्णुपद थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर ऋषि रंजन से जुड़े तीन ऑडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। इनमें कथित तौर पर मंथली वसूली, एक मामले में कार्रवाई रुकवाने के बदले पैसों के लेन-देन और थाने के कमरे में शराब मंगवाने की बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। मामला मगध क्षेत्र के आईजी विकास वैभव तक पहुंच गया है। उन्होंने गया के एसएसपी सुशील कुमार को पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।
विज्ञापन


पहले ऑडियो में मंथली वसूली का कथित जिक्र
सामने आए तीन ऑडियो में पहला होली के समय का बताया जा रहा है। इसमें हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए बम-बम रवानी की गिरफ्तारी को लेकर बातचीत होने का दावा किया गया है। इसी बातचीत के दौरान थाने में मंथली आने का कथित जिक्र सुनाई देने की बात कही जा रही है। ऑडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में कथित वसूली को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

कार्रवाई रुकवाने के बदले पैसे की बात?
दूसरे ऑडियो में मारपीट के एक मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत कार्रवाई से जुड़ी बातचीत होने का दावा है। इसमें थानाध्यक्ष यानी 'बड़े बाबू' के नाम पर कार्रवाई रुकवाने और इसके बदले पैसे देने की कथित चर्चा सुनाई देने की बात सामने आई है। हालांकि, ऑडियो की वास्तविकता और बातचीत का संदर्भ अभी प्रमाणित नहीं हुआ है।
विज्ञापन


थाने के कमरे में शराब मंगवाने का भी दावा
तीसरे ऑडियो में थाना परिसर के एक कमरे में शराब मंगवाने को लेकर कथित बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। इस दावे ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि ऑडियो में सुनाई दे रही आवाज किसकी है और बातचीत किस परिस्थिति में हुई थी।

आईजी तक पहुंचा मामला, एसएसपी करेंगे जांच
मामले की जानकारी मिलने के बाद मगध क्षेत्र के आईजी विकास वैभव ने गया के एसएसपी सुशील कुमार को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। आईजी ने बताया कि उन्हें संबंधित ऑडियो मिले हैं, जिनमें एसआई ऋषि रंजन की आवाज होने का दावा किया गया है। जांच के बाद ही आवाज की पहचान और बातचीत की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।

जांच रिपोर्ट के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती ऑडियो की प्रामाणिकता, आवाज की पहचान और बातचीत के वास्तविक संदर्भ की पुष्टि करना है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय या अन्य कानूनी कार्रवाई हो सकती है। फिलहाल एसएसपी की जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें