बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में नॉनवेज पार्टी के दौरान शराब पीने से चार युवकों की दर्दनाक मौत के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। इस दुखद घटना के बाद मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह और बाढ़ विधायक डॉ. सियाराम सिंह फिर पीड़ित परिवारों से मिलने बेढ़ना गांव पहुंचे। दोनों नेताओं ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और मौके पर आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
एमएलसी चुनाव पर अनंत सिंह का खुला ऐलान
मुलाकात के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए अनंत सिंह ने आगामी एमएलसी चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक बयान दिया। अनंत सिंह ने खुला ऐलान करते हुए कहा कि वे इस चुनाव में डॉ. अनुज सिंह का पूरा समर्थन करेंगे और नीरज कुमार का साथ नहीं देंगे। अपने चिरपरिचित अंदाज में दो टूक शब्दों में उन्होंने कहा, “जो मेरे साथ रहेगा, हम उसका साथ देंगे।” उन्होंने कहा कि 26 विधानसभा में उनके जो भी समर्थक हैं, वे सभी डॉ. अनुज सिंह का साथ देंगे।
ग्रामीणों से बोले अनंत सिंह- मोहल्ला और गांव खुद सुधारना होगा
अनंत सिंह ने परिजनों से मुलाकात के दौरान कहा कि खुद अपने मोहल्ले और गांव को सुधारना होगा। पुलिस घर-घर मौजूद नहीं रहेगी। उन्होंने ग्रामीणों को अपने स्तर पर भी सामाजिक व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर जिम्मेदारी निभाने की बात कही।
पहले ग्रामीणों ने विधायक को लौटाया था
इससे पहले विधायक डॉ. सियाराम सिंह जब उमानाथ सती स्थान पहुंचे थे तो देर से आने के कारण आक्रोशित ग्रामीणों ने उन्हें वापस लौटा दिया था। हालांकि, आज अनंत सिंह खुद डॉ. सियाराम सिंह को अपने साथ लेकर गांव पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कराई। इस दौरान अनंत सिंह ने ग्रामीणों और बाढ़ विधायक के बीच पैदा हुए मतभेदों को दूर कराया।
यह भी पढ़ें:
पीके की मीटिंग में बत्ती गुल, किसी का मोबाइल गायब, कई के पर्स उड़े; निकल गए प्रशांत किशोर
'बेढ़ना के लोग अपने घर-परिवार जैसे'
परिजनों से मिलने के बाद अनंत सिंह ने भावुक अंदाज में कहा कि बेढ़ना गांव के लोग उनके अपने घर-परिवार जैसे हैं और वे लगातार उनसे मिलने आते रहेंगे। दोनों नेताओं ने परिजनों को आश्वस्त किया कि वे हर तरह की व्यक्तिगत, आर्थिक और सामाजिक मदद के लिए हमेशा उनके साथ खड़े हैं।