पटना के बेउर थाना क्षेत्र के दशरथा मोड़ के पास रविवार को एक युवक की हत्या के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने बीच सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए घंटों सड़क जाम रखा, जिससे यातायात बाधित हो गया और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बेउर थाना प्रभारी समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। काफी समझाने-बुझाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की अनुमति दी।
शनिवार दोपहर दशरथा गांव में दो युवकों को गोली मार दी गई थी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बेउर थाना प्रभारी, सिटी एसपी और डीएसपी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
बताया जा रहा है कि मृतक रिशू कुमार (22) को उसके दोस्तों ने फोन कर बुलाया था और एक बंद पड़े पोल्ट्री फार्म में ले जाकर गोली मार दी। इस घटना में एक अन्य युवक भी घायल हुआ, जिसे उसके साथियों ने निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया।
हत्या के पीछे ड्रग्स और पैसे का लेन-देन?
पुलिस प्राथमिक जांच में इस वारदात को ड्रग्स और पैसे के लेन-देन से जुड़ा मामला मान रही है। वहीं, मृतक के परिजन इसे सिर्फ पैसे के लेन-देन का विवाद बता रहे हैं। परिजनों के अनुसार, रिशू ने अपने दोस्त शिवम टेलर्स से कुछ पैसे उधार लिए थे, जिसे लेकर दबाव बनाया जा रहा था।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें देखा गया कि रिशू चार दोस्तों के साथ पोल्ट्री फार्म की ओर जा रहा था। इसी दौरान वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
अपराधियों की पहचान हुई, जल्द होगी गिरफ्तारी
बेउर थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि हत्या की वजह पैसे का लेन-देन प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने अपराधियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।मृतक रिशू कुमार दो भाइयों में बड़ा था। इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने की बात कह रही है।