नालंदा में नगर थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में बुजुर्ग के द्वारा किशोरी से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। रविवार को पुलिस परिजनों के साथ मेडिकल के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल पहुंची। घटना के संबंध में पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी बच्ची मोहल्ले में ही डीलर के यहां पिछले चार महीनों से झाड़ू पोछा करने जा रही थी। 6 मार्च की शाम में डीलर के द्वारा दुष्कर्म किया गया।
दरअसल डीलर का परिवार शादी में शामिल होने के लिए कोलकाता गया हुआ था। घर में बुजुर्ग दंपति के अलावा कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। तभी उसने बच्ची के हाथ और पैर को बांध दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने डीलर के घर के पास जाकर हो हंगामा भी किया। हालांकि डीलर इस घटना के बाद फरार हो चुका है। परिवार वाले फांसी की मांग कर रहे हैं।
बच्ची का परिवार बेहद ही तंगहाली में रह रहा है। पूरा परिवार दूसरों के घरों में झाड़ू पोछा एवं मजदूरी कर अपना जीवको पार्जन कर रहा है। परिवार वालों को बच्ची के साथ गलत काम का पता शनिवार को चला। जिसके बाद परिवार बच्ची को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराने महिला थाना पहुंचा। जहां (60) वर्षीय बुजुर्ग पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया गया।