बिहार सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण के मद्देनजर पांच मई से जारी लॉकडाउन को खत्म कर दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा, ‘लॉकडाउन से कोरोना वायरस संक्रमण में कमी आई है। अतः लॉकडाउन खत्म करते हुये शाम सात बजे से सुबह पांच बजे तक रात्रि कर्फ्यू जारी रहेगा। 50 फीसदी उपस्थिति के साथ सरकारी और निजी कार्यालय अपराह्न चार बजे तक खुलेंगे। दुकानें खुलने की अवधि शाम पांच बजे तक बढ़ेगी।' सिनेमा हॉल, शॉपिंग मॉल, क्लब, स्विमिंग पूल, स्टेडियम, जिम, पार्क व उद्यान पूरी तरह बंद रहेंगे।
उन्होंने कहा, ‘ऑनलाइन शिक्षण कार्य किए जा सकेंगे। निजी वाहनों को चलने की अनुमति रहेगी। यह व्यवस्था अगले एक सप्ताह तक रहेगी। अभी भी भीड़-भाड़ से बचने की आवश्यकता है।' राज्य के मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण की ओर से मंगलवार को जारी एक आदेश में कहा गया है कि सभी स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान, ट्रेनिंग एवं अन्य शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। इस अवधि में राज्य सरकार के विद्यालयों व विश्वविद्यालयों द्वारा किसी भी तरह की परीक्षाएं नही ली जाएंगी। ऑनलाइन शिक्षण की व्यवस्था की जा सकेगी।
उन्होंने कहा कि सभी धार्मिक स्थल आमजनों के लिए बंद रहेंगे। सभी प्रकार के सामाजिक, राजनीतिक, मनोरंजन, खेल-कूद, शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन अथवा समारोह प्रतिबंधित होंगे। विवाह समारोह अधिकतम 20 व्यक्तियों की उपस्थिति के साथ ही आयोजित॑ किए जा सकेंगे, लेकिन इनमें डीजे व बारात निकालने की इजाजत नहीं होगी। हालांकि, विवाह कार्यक्रम की सूचना स्थानीय थाने को कम से कम तीन दिन पहले देनी होगी। इसके अलावा अब अंतिम संस्कार और श्राद्ध कार्यक्रम में अधिकतम 20 लोग शामिल हो सकेंगे।