पटना जिले के फुलवारीशरीफ में रिश्ते को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक 12 वर्षीय बच्चे का अपहरण उसके ही मामेरे जीजा ने फिरौती के लिए कर लिया। आरोपी ने बच्चे के पिता, जो पेशे से डॉक्टर हैं, से 15 लाख रुपये की फिरौती की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फुलवारीशरीफ थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एसआईटी टीम का गठन किया गया। विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 6 घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। हालांकि, अपहृत बच्चे के साथ मारपीट भी की गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ये भी पढ़ें:
बिहार में 2747 पदों पर बंद होने वाली है आवेदन विंडो, मौका न गंवाएं! फटाफट इस लिंक से भर दें फॉर्म
पुलिस ने इस मामले में आरोपी रमेश रंजन को गिरफ्तार कर लिया है। वह पेशे से श्रृंगार की दुकान चलाता है और उस पर 13 लाख रुपये का कर्ज था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया है और बताया कि कर्ज चुकाने के दबाव में उसने अपने ही साले को अपहरण कर फिरौती मांगने की योजना बनाई थी। पश्चिमी सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मामले का खुलासा किया और बताया कि पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से बच्चा सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया गया है।