मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गुरुवार को भूतनाथ से मलाहीपकड़ी तक पटना मेट्रो सेवा का विस्तार करेंगे। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उद्घाटन के बाद आईएसबीटी से मलाहीपकड़ी तक मेट्रो का परिचालन शुरू हो जाएगा।
तीन किलोमीटर और बढ़ेगा मेट्रो नेटवर्क
विदित हो कि पटना में यातायात व्यवस्था बेहतर करने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने मेट्रो सेवा शुरू करने का निर्णय लिया था। इसके तहत करीब 13,365 करोड़ रुपये की लागत से पटना मेट्रो परियोजना का निर्माण कार्य चल रहा है। प्रथम चरण के पहले कॉरिडोर में छः अक्टूबर 2025 को आईएसबीटी से भूतनाथ तक करीब 3.2 किलोमीटर मेट्रो सेवा शुरू की गई थी। अब करीब आठ महीने बाद दो जुलाई को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भूतनाथ से मलाहीपकड़ी तक मेट्रो सेवा का विस्तार करेंगे। इसके बाद आईएसबीटी से मलाहीपकड़ी तक लगभग छः किलोमीटर तक मेट्रो सेवा उपलब्ध होगी, जिससे लोगों का आवागमन और अधिक आसान हो जाएगा।
मलाहीपकड़ी के बाद भूमिगत दौड़ेगी मेट्रो
मलाहीपकड़ी के आगे मेट्रो को भूमिगत मार्ग पर संचालित करने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। योजना के अनुसार मलाहीपकड़ी के बाद मेट्रो भूमिगत होकर पीएमसीएच, गांधी मैदान, डाकबंगला और पटना जंक्शन तक पहुंचेगी। इस रूट पर राजेंद्र नगर, मोइन-उल-हक स्टेडियम, पटना साइंस कॉलेज, पीएमसीएच, गांधी मैदान और आकाशवाणी सहित छह भूमिगत मेट्रो स्टेशनों का निर्माण किया जा रहा है।
जल्द शुरू होगा खेमनीचक मेट्रो स्टेशन
विभागीय अधिकारियों के अनुसार भूतनाथ और मलाहीपकड़ी के बीच खेमनीचक मेट्रो स्टेशन का निर्माण पूरा हो चुका है। मेट्रो आगे मीठापुर, चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान और करबिगहिया होते हुए पटना जंक्शन तक जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि अगले एक पखवाड़े के भीतर खेमनीचक स्टेशन को भी यात्रियों के लिए खोलने की तैयारी है।
यह भी पढ़ें:
बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 36 अधिकारियों के तबादले, जानें किसे कहां मिली जिम्मेदारी
'बेहतर यातायात सुविधा देना सरकार की प्राथमिकता'
नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दो जुलाई को भूतनाथ से मलाहीपकड़ी तक मेट्रो सेवा का विस्तार करेंगे। इसके बाद आईएसबीटी से मलाहीपकड़ी तक करीब छः किलोमीटर तक मेट्रो सेवा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि पटनावासियों को बेहतर और आधुनिक यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार तेजी से काम कर रही है।