बिहार के बाहुबली नेता व पूर्व सांसद पप्पू यादव को 32 साल पुराने मामले में गत दिनों गिरफ्तार किया गया था। मंगलवार को उनकी जमानत अर्जी मधेपुरा कोर्ट ने खारिज कर दी। इसके बाद उन्होंने अदालत के प्रति पूर्ण सम्मान जताते हुए अपने खिलाफ साजिश होने का आरोप लगाया।
पप्पू यादव ने ट्वीट कर कहा, 'मुझे देश की न्याय व्यवस्था पर भरोसा है. उम्मीद है कि न्याय अवश्य मिलेगा। हम आगे जाएंगे, जल्द आपके बीच आएंगे, पर न जाने क्यूं एक फर्जी मुकदमे में मुझे कैद कर रखने की एक बड़ी साजिश चल रही है। हम तो सेवा की सियासत करते हैं, इससे भयभीत कौन है?'
बता दें कि जन अधिकार पार्टी के प्रमुख पप्पू यादव को 11 मई को पटना की बुद्धा कॉलोनी थाना पुलिस ने उनके आवास से गिरफ्तार किया था। उन्हें लॉकडाउन उल्लंघन के आरोप में गिरफ्तार किया गया, लेकिन उसके बाद शाम को मधेपुरा की पुलिस टीम पटना पहुंची और 32 साल पुराने मामले में गिरफ्तार कर के ले गई। कोर्ट में वर्चुअल पेशी के बाद उन्हें सुपौल की वीरपुर जेल भेज दिया।
फिलहाल अस्पताल में भर्ती
बाद में वीरपुर जेल में पप्पू यादव की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है। अभी उनका डीएमसीएच में इलाज चल रहा है।