बिहार के मुंगेर में बुधवार को एक पैक्स अध्यक्ष की अचानक हार्ट अटैक पड़ने से मौत हो गई। वह जमुई सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक सोसाइटी निदेशक मंडल के चुनाव में जमुई से वोट डालने मुंगेर पहुंचे थे। इस घटना से परिजनों में मातम छा गया। जिसने भी घटना के बारे में सुना वह चकित रह गए और कहा कि होनी को कौन टाल सकता है। मृतक की पहचान सदर प्रखंड क्षेत्र के अड़सार निवासी मो. मुस्ताक (70) के रूप में हुई है। मुस्ताक वर्तमान में अड़सार पैक्स अध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं।
मृतक मो. मुस्ताक का फाइल फोटो
मुंगेर जमुई सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक सोसाइटी निदेशक मंडल के चुनाव बुधवार को मुंगेर जिला परिषद स्थित सदर अनुमंडल कार्यालय में हो रहा है। इसमें मुंगेर, जमुई, लखीसराय और शेखपुरा के पैक्स अध्यक्ष तथा व्यापार मंडल के सदस्यों द्वारा वोटिंग से निदेशक मंडल का चुनाव होना है। इसी को लेकर मंगलवार को अड़सार पैक्स अध्यक्ष मो. मुस्ताक अपने अन्य साथियों के साथ निजी वाहन से वोट डालने के लिए मुंगेर गए थे।
साथ में मतदान करने गए सिकंदरा प्रखंड के महादेव सिमरिया के पैक्स अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह ने बताया कि हम लोग मतदान से एक दिन पहले मंगलवार की रात को ही मुंगेर पहुंचे। जहां रात को एक होटल में रुके थे। सुबह आठ बजे से वोटिंग थी, उसके लिए सभी लोग तैयार होकर होटल से निकले। इस दौरान मो. मुस्ताक ने भी अपने ड्राइवर को कहा गाड़ी निकालो वोट देने जाना है। ड्राइवर भी गाड़ी लेकर होटल के बाहर खड़ा था।
उन्होंने बताया कि हम लोग होटल की सीढ़ी से नीचे उतर रहे थे तभी मोहम्मद मुस्ताक को पसीना आने लगा और शरीर कांपने लगा। फिर हम तुरंत ही उसे सदर अस्पताल इलाज के लिए ले गए। जहां सदर अस्पताल के आपातकालीन कक्ष के चिकित्सकों ने मुस्ताक को देखने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, मृतक पैक्स अध्यक्ष का शव जमुई लाया जा रहा है।