बिहार के दरभंगा से शादी का झांसा देकर एक युवती का एक युवक द्वारा पांच वर्ष तक यौन शोषण करने का मामला सामने आया है। दोनों पटना के एक कोचिंग संस्थान में मिले थे। जहां वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। पीड़िता ने दरभंगा के महिला थाना में रविवार को आवेदन देकर कहा कि वह अररिया जिले की रहने वाली है। पटना में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। उसी दौरान 2017 में दरभंगा जिला के जाले थाना क्षेत्र के लतराहा निवासी श्रवण महतो के बेटे पुरुषोत्तम कुमार उर्फ सनी से उसकी दोस्ती हो गई।
आवेदन के मुताबिक, दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और सनी उससे शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने लगा। पीड़िता ने आवेदन में लिखा कि जब भी मैंने सनी से शादी की बात की। उस पर वह अपने पैर पर खड़े होने की बात कहकर बाद में शादी करने की बात कहता रहा। लेकिन, जब उसकी नौकरी लग गई तो अब वह टालमटोल करने लगा। उसने कहा कि अगर मुझे दहेज में कार और नकद रुपये मिलेंगे तब मैं तुमसे शादी करूंगा। जब दहेज देने में सक्षम नहीं होने की बात कही गई तो वह शादी से इनकार करने लगा।
पीड़िता ने बताया कि जब इस बात की शिकायत लेकर मैं उसके गांव लतराहा गई तो उसके घर वालों ने मेरी एक नहीं सुनी। मेरे साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने यहां तक कहा कि अगर शादी के लिए दबाब डालोगी तो उसकी अश्लील फोटो वायरल कर देगा। वहीं, पीड़िता ने बताया कि सनी 12 जून को दूसरी जगह शादी रचा रहे हैं। वहीं, महिला थानाध्यक्ष नुसरत जहां ने बताया कि पीड़िता के द्वारा आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच कर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।