बिहार में शराबबंदी का फैसला लेने के बाद आबकारी राजस्व के घाटे की भरपाई के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कुछ ऐसे कदमों की घोषणा कर दी है जिनसे लोगों का जायका बिगड़ सकता है।
मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने समोसे और मिठाई जैसे खाद्य पदार्थों पर विलासिता टैक्स की घोषणा कर दी है। इसके अलावा रोजमर्रा की कुछ जरूरी चीजों पर टैक्स की दर 5 फीसदी से बढ़ाकर 13.5 फीसदी कर दी गई है। मुख्यमंत्री के इस कदम के बाद आम आदमी के बजट पर महंगाई की मार पड़ना तय है।
बता दें कि एक अप्रैल से बिहार में शराब पर पाबंदी लग जाएगी। नीतीश ने चुनाव से पूर्व इस बात की घोषणा की थी कि अगर उनकी सरकार दोबारा सत्ता में आती है तो राज्य में शराब बैन कर दी जाएगी। सत्ता में आने के बाद नीतीश ने एक अप्रैल से शराब बंदी का आदेश जारी कर दिया है।
सरकार के इस कदम से उसे शराब बिक्री से मिलने वाले मोटे राजस्व से भी वंचित रहना पड़ेगा, ऐसे में इसकी भरपाई के लिए नीतीश सरकार ने अन्य खाद्य पदार्थों पर टैक्स लगाने और बढ़ाने का फैसला किया है।