बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि जो परिस्थितियां अभी बन रही हैं, उसमें लोकसभा के मध्यावधि चुनाव हो जाए तो अच्छा है।
डीएमके के केंद्र सरकार से समर्थन वापसी के बाद उत्पन्न राजनीतिक हालात के बारे में नीतीश कुमार ने संवाददाताओं से कहा कि वैसे तो कांग्रेस के लोग समर्थन जुगाड़ करने में सक्षम हैं। लेकिन जैसी परिस्थिति उत्पन्न हुई है, उसमें अगर मध्यावधि चुनाव हो जाए तो वही बेहतर है।
नीतीश ने सरकार बचाने के लिए समर्थन जुटाने में कांग्रेस के हथकंडों की आलोचना भी की।
वहीं, नीतीश कुमार की टिप्पणी पर आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद ने कटाक्ष किया है। लालू ने कहा कि मध्यावधि चुनाव की बात छोड़ पहले नीतीश गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी से तो निपट लें। लालू ने नीतीश पर विशेष राज्य के दर्जे के बहाने सियासत करने का आरोप लगाया है।