प्रधानमंत्री मोदी द्वारा बिहार को दिया गया सवा लाख करोड़ का स्पेशल पैकेज सवालों के घेरे में आ गया है। जिस पैकेज के बहाने भाजपा नीतीश पर धन्यवाद भी न देने के आरोप लगा रही थी उसी पैकेज की नीतीश कुमार ने आंकड़ों के सहारे धज्जियां उड़ा दी।
पटना में प्रेस कान्फ्रेंस करते हुए नीतीश ने दावा किया कि प्रधानमंत्री द्वारा बिहार को दिया गए 1.25 लाख करोड़ के पैकेज में से 1.08 लाख करोड़ तो पुरानी योजनाओं का है। इनमें से ज्यादातर योजनाएं पहले से ही राज्य में चल रही है जिन्हें प्रधानमंत्री ने स्पेशल पैकेज में जोड़कर हवा बनाने का प्रयास किया है।
नीतीश ने प्र्रधानमंत्री मोदी पर पैकेज के नाम पर बिहार के लोगों की भावनाओं से खेलने के आरोप भी मढ़ दिए। नीतीश के अनुसार नए के तौर पर मात्र दस हजार 500 करोड़ का फंड देने की बात सामने आ रही है।
पैकेज में छह हजार करोड़ की रकम का कुछ हिसाब किताब ही नहीं है। पीएम के पूरे पैकेज का विश्लेषण करने की बात कहने वाले नीतीश ने कहा मोदी सरकार द्वारा आंकडों का मायाजाल फैलाया जा रहा है ये तो बिल्कुल ऐसा है जैसे खोदा पहाड़ निकली चूहिया।
इतने बड़े पैकेज पर वित्त मंत्रालय में नहीं कोई हरकत
1.25 लाख करोड़ के भारी भरकम पैकेज पर सवाल उठाते हुए नीतीश ने कहा कि देश की पूरी जीडीपी के एक फीसदी जितना स्पेशल पैकेज दिए जाने की बात पर भी वित्त मंत्रालय में किसी प्रकार की प्रतिक्रिया नहीं है।
न ही यह चिंता है कि इतने पैसे की व्यवस्था कहां से की जाएगी किस तरह यह पैसा दिया जाएगा, इस बात की कोई फिक्र नहीं है। क्योंकि कोई पैसा देना ही नहीं है इसलिए सब निश्चिंत बैठे हैं।
नीतीश ने आंकड़ों का सहारा लेते हुए कहा कि बिहार में नेशनल हाइवे की सड़क परियोजनाओं के लिए जो 54713 करोड़ देने की बात कही जा रही है वे सारी परियोजनाएं तो 2007 से 2015 के बीच पहले से ही चल रही हैं जिनके लिए बजट आवंटित किया जा चुका है।
ये आर्यभट्ट की धरती लोगो को मुर्ख मत बनाइए
ग्राम सड़क योजना के लिए जो 13 हजार करोड़ देने का दावा किया जा रहा है वो भी पहले से चल रही है। बिहार में गांवों के विद्युतीकरण के लिए जिस दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति परियोजना की बात की जा रही है वो पुरानी राजीव गांवी विद्युतीकरण योजना ही है जिसके लिए बजट का आवंटन भी पूर्व में किया जा चुका है।
नीतीश ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने पहले से ही चल रही परियोजनाओं में आंवटित रकम को ही स्पेशल पैकेज में जोड़कर बिहार के लोगों को झूठे आंकडों में फंसाने की कोशिश की है।
नीतीश बोले ये आर्यभट्ट की धरती है जिन्होंने दुनिया को गणित सिखाया मोदी बिहार के लोगों को गणित के आंकडों में नहीं फंसा सकते। नीतीश ने कहा कि स्पेशल पैकेज का सबसे बड़ा झूठ तो ये ही है कि इसका यह ही नहीं पता कि ये पैसा किसे दिया जाएगा, किस तरह दिया जाएगा कौन देगा इसके बारे में कुछ नहीं पता।