मुफ्त में सब्जी नहीं देने पर नाबालिग सब्जी विक्रेता को जेल भेजे जाने के मामले में मुख्यमंत्री के निर्देश पर जोनल आईजी नैयर हसनैन खान ने सोमवार को अपनी जांच रिपोर्ट सौंप दी। रिपोर्ट में बताया गया है कि नाबालिग सब्जी विक्रेता को झूठे मामले में फंसाकर जेल भेजा गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, सब्जी बेचने वाले पंकज को जिस बाइक से लूट की घटना में शामिल होने का आरोपी बनाकर जेल भेजा गया था वह उसमें शामिल नहीं था।
मामले में आईजी नैयर हसनैन खान की ओर से अगमकुआं थाना और बाईपास थाना के थानेदार को सस्पेंड करने की अनुशंसा की गई थी जिस पर अमल करते हुए दोनों को निलंबित कर दिया गया है। रेड करने वाली पूरी पुलिस टीम, जिसमें नौ लोग शामिल थे, उन्हें भी सस्पेंड कर दिया गया है। यही नहीं रिपोर्ट में अगमकुआं और बाईपास थाना प्रभारी को पटना जिले में आगे पदस्थापन नहीं करने की भी अनुसंशा की गई है।
बता दें कि पत्रकार नगर निवासी नाबालिग सब्जी विक्रेता पंकज द्वारा मुफ्त में सब्जी नहीं देने के बाद पुलिस उसे बाइक लुटेरा गिरोह का सदस्य बनाते हुए घर से उठा ले गई थी। इतना ही नहीं पंकज के आधार कार्ड में कथित तौर पर अंकित उसकी उम्र 14 साल को 18 बनाकर रिमांड होम की जगह जेल भेजा गया था।