नीट पुनर्परीक्षा के सफल, सुरक्षित और पारदर्शी आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए देशभर में व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल (पूर्वाभ्यास) आयोजित किया जा रहा है। पटना के बापू परीक्षा परिसर समेत कई परीक्षा केंद्रों पर बिहार पुलिस और बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के जवानों ने सुरक्षा की कमान संभाली। परीक्षा केंद्र के अंदर और बाहर चप्पे-चप्पे को खंगाला गया। इस दौरान बिहार पुलिस की टीम ने सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश, निगरानी प्रणाली और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की।
पुलिस का कहना है कि परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी न हो, इसके लिए यह सब किया जा रहा है। परीक्षा के समय किसी प्रकार की अव्यवस्था या तकनीकी समस्या उत्पन्न न हो। पुलिस टीम का कहना है कि आज के मॉक ड्रिल का उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया को सुचारु, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाना है। पूर्व में सामने आए पेपर लीक के मामलों और आशंकाओं से कड़ा सबक लेते हुए इस बार पूरी प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्था में आमूलचूल बदलाव किया गया है। परीक्षा शांति और स्वच्छ माहौल में हो इसके लिए इस बार प्रश्न पत्रों की सुरक्षा की कमान राज्य पुलिस के बजाय केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल को सौंपी गई है।
थ्री-लेयर सुरक्षा में होगी परीक्षा
राजधानी पटना में पिछले 15 दिनों से री-नीट को लेकर तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं। इस बार परीक्षा केंद्रों और प्रश्न पत्रों की सुरक्षा को थ्री-लेयर में विभाजित किया गया है, ताकि सुरक्षा में कोई चूक न हो। परीक्षा केंद्रों की सबसे बाहरी सुरक्षा परत को राज्य पुलिस और होमगार्ड के जवान संभालेंगे। वहीं, परीक्षा केंद्रों के भीतर की आंतरिक सुरक्षा नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा नियुक्त विशेष सुरक्षा एजेंसी के माध्यम से संचालित की जाएगी। स्ट्रॉन्ग रूम से परीक्षा केंद्रों तक प्रश्न पत्र पहुँचाने और परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को वापस सुरक्षित जमा कराने की पूरी जिम्मेदारी सीआरपीएफ के पास होगी। सीआरपीएफ के जवान इन वाहनों को एस्कॉर्ट करेंगे। प्रश्न पत्र ले जाने वाले वाहनों की लाइव ट्रैकिंग और निगरानी के लिए जिला प्रशासन के विभिन्न राजपत्रित अधिकारियों की विशेष तैनाती की गई है।
21 जून को दोपहर से शाम तक होगी परीक्षा
एनटीए 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक NEET UG 2026 री-एग्जाम आयोजित करेगा। बिहार के 35 शहरों में 331 केंद्रों पर नीट की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें 156061 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। इनमें 81,165 छात्र और 74896 छात्राएं शामिल हैं। इस परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड करना होगा। अभ्यर्थी आवेदन संख्या और जन्मतिथि की मदद से एडमिट कार्ड प्राप्त कर सकते हैं। परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र साथ ले जाना अनिवार्य होगा।