बिहार में पैसों की लेन-देन के मामले में हत्या का आरोप लगा है। नालंदा के इस मामले में परिजनों का आरोप है कि महंत ने हत्या के बाद शव को फंदे से लटका दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अपराध की एक चौंकाने वाली वारदात बिहार के नालंदा से सामने आई है। इस मामले की जांच में जुटी पुलिस ने नालंदा के रहूई थाना क्षेत्र में बुधवार को एक अधेड़ का शव पेड़ से लटका हुआ बरामद किया। मामला रहूई थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्जापुर गांव का है। शव पंचाने नदी के किनारे बरामद की गई।
विज्ञापन
मृतक की पहचान चंडी थाना क्षेत्र के बेलधना गांव निवासी देवेंद्र यादव (45) के रूप में हुई है। घटना के संबंध में देवेंद्र यादव के भतीजे बबलू यादव ने बताया कि मंगलवार को वे महंत के पास जाने की बात कहकर निकले थे। भतीजे के अनुसार, उनके चाचा ने बताया था कि महंत के यहां उनका पैसा बाकी है। वही लाने जा रहे हैं। शाम में उन्होंने कहा कि वह घर कल लौटेंगे, लेकिन बुधवार को पुलिस ने शव बरामद होने की सूचना दी। इसके बाद वे लोग घर से घटनास्थल पहुंचे। मृतक के परिवार में दो बेटे और एक बेटी है। वह गांव-गांव जाकर विदेशिया नाच कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
मृतक देवेंद्र यादव के परिजन मिर्जापुर के राजू महंत पर एक लाख रुपए बकाया रहने के कारण हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि हत्या के बाद दहशत पैदा करने के मकसद से शव को पेड़ के सहारे फंदे से लटका दिया गया। अपराधी का मकसद मामले को आत्महत्या के रूप में पेश करना भी है।
रहूई थानाध्यक्ष नंदन कुमार ने बताया कि ग्रामीणों ने उन्हें सूचना दी थी कि एक व्यक्ति का शव पेड़ से फंदे से लटका हुआ है। इसके बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टिया आत्महत्या का मामला सामने आ रहा है। परिजनों की तरफ से पुलिस को कोई आवेदन प्राप्त नहीं मिला है। पुलिस छानबीन में जुट गई है।