वैशाली पहुंचे बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले पांच वर्षों में बिहार से कोई भी व्यक्ति मजदूरी करने बाहर नहीं जाएगा। उन्होंने दावा किया कि सभी को रोजगार और नौकरी बिहार में ही मिलेगी। उनका कहना था कि यह सरकार की स्पष्ट प्रतिबद्धता है।
न्याय यात्रा से समृद्धि यात्रा तक का जिक्र
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में न्याय यात्रा से लेकर समृद्धि यात्रा तक लगातार काम किया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य आगे बढ़ रहा है और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार गांव-गांव तक किया गया है।
बिजली और सड़कों पर सरकार का फोकस
सम्राट चौधरी ने 2014 का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांव-गांव बिजली पहुंचाने की बात कही थी, जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घर-घर बिजली पहुंचाने का लक्ष्य रखा। उन्होंने कहा कि आज बिहार समृद्धि की ओर बढ़ रहा है और गांव-गांव तक सड़क और अन्य व्यवस्थाएं पहुंच चुकी हैं।
नौकरी और रोजगार के आंकड़े गिनाए
उन्होंने कहा कि 1990 से 2005 के बीच बिहार में एक लाख लोगों को भी नौकरी नहीं मिली थी, जबकि 2005 से 2020 के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सात लाख से अधिक लोगों को नौकरी दी। 2020 से 2025 के दौरान पांच लाख लोगों को नौकरी और रोजगार देने का काम किया गया।
एक करोड़ रोजगार का लक्ष्य
उपमुख्यमंत्री के अनुसार इस बार एनडीए सरकार ने तय किया है कि बिहार में एक करोड़ लोगों को रोजगार और सरकारी नौकरी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बिहार की समृद्धि तभी संभव है जब राज्य में उद्योग स्थापित होंगे।
पढ़ें- Bihar News: टिकट बंटवारे पर राजद विधायक के इन सवालों से गरमाई सियासत, भाजपा ने कहा- तेजस्वी को जवाब देना चाहिए
सम्राट चौधरी ने कहा कि बाहर से आने वाले फैक्टरी मालिक सबसे पहले हाजीपुर और मुजफ्फरपुर में जमीन के बारे में पूछते हैं। उन्होंने कहा कि हाजीपुर हो या बिहार का कोई भी इलाका, मजदूरी के लिए बाहर जाने वाले लोगों को चिह्नित किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जो लोग बिहार से बाहर मजदूरी करने जाते हैं, उन्हें पांच वर्षों में चिह्नित कर रोजगार देने का काम किया जाएगा। उन्होंने इसे अपना वादा बताया।
प्रगति यात्रा की घोषणाओं पर काम जारी
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं पर काम चल रहा है। मुख्यमंत्री ने इसकी समीक्षा की है और अधिकारियों से जानकारी भी ली है। साथ ही बिहार की समृद्धि के लिए अव्यवस्थाओं को साफ करने का निर्देश दिया गया है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि वैशाली की आठ विधानसभा सीटों में से सात पर एनडीए की जीत हुई है। एक सीट पर राजद का कब्जा है, जहां से तेजस्वी यादव राघोपुर से विधायक हैं।