वैशाली में राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में मुजफ्फरपुर के 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर के सकरा थाना क्षेत्र के केशोपुर गांव निवासी विनोद कुमार के बेटे विकास कुमार के रूप में हुई है। घटना बालिगांव थाना क्षेत्र के चिकनौटा स्थित NH-28 पर उस समय हुई, जब विकास एग्रीकल्चर कंपनी में अपनी ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था।
जानकारी के मुताबिक, घर लौटने के दौरान एक अज्ञात वाहन ने विकास की बाइक को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। विकास तीन भाइयों में सबसे बड़ा और अविवाहित था। उसकी आमदनी से परिवार की गुजर-बसर होती थी। उसके पिता विनोद कुमार किसान हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
वहीं, स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने इस क्षेत्र में सड़क सुरक्षा के उपायों को बढ़ाने की मांग की है। यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा के गंभीर मुद्दे को सामने लाई है।
वहीं, पुलिस ने बताया कि घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिवार वालों को सौंप दिया गया है। अज्ञात वाहन ने युवक को टक्कर मारी है और मौके से फरार हो गया है।