वैशाली जिले में उस समय सनसनी फैल गई जब हाजीपुर के ढाला नंबर 54 के पास रेलवे ट्रैक से एक पोस्टमैन का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान लालगंज के कटहरा थाना क्षेत्र के घटारो निवासी राकेश कुमार (37) के रूप में हुई है। वे हाजीपुर पोस्ट ऑफिस में पोस्टमैन के पद पर कार्यरत थे। शव मिलने की खबर से न केवल उनके परिजन, बल्कि पूरा क्षेत्र स्तब्ध है।
राकेश कुमार दो दिन से थे लापता
पुलिस को दिए बयान के अनुसार, राकेश कुमार दो दिन पहले अपने ससुराल जाने के लिए घर से निकले थे। उन्होंने अपने भाई को इस बात की जानकारी दी थी कि वे किशनगंज स्थित अपने ससुराल जा रहे हैं, जहां उनकी पत्नी रेलवे विभाग में कार्यरत हैं। इसके बाद से वे लापता थे, और अब उनका शव रेलवे ट्रैक के पास पाया गया।
यह भी पढ़ें- Bihar: पुलिस वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर; शराब तस्करी के संदेह में कर रही थी पीछा, भड़के लोग
रेलवे लाइन के किनारे शव मिलने से फैली दहशत
स्थानीय लोगों ने जब रेलवे ट्रैक के पास शव देखा, तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। जीआरपी और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लिया गया और पहचान कर परिवार को सूचना दी गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।
हत्या या हादसा- जांच में जुटी पुलिस
रेलवे ट्रैक के पास शव पाए जाने के कारण इस बात की जांच की जा रही है कि राकेश कुमार की मौत ट्रेन से गिरने की वजह से हुई या उनकी हत्या की गई। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। जीआरपी की टीम भी जांच में जुट गई है।
परिवार पर टूटा दुख का पहाड़
राकेश कुमार की मौत से उनका परिवार पूरी तरह टूट गया है। उनकी पत्नी किशनगंज में रेलवे विभाग में कार्यरत हैं, और उनकी 12 साल की एक बेटी भी है। एक जिम्मेदार सरकारी कर्मचारी की इस तरह असामयिक और संदिग्ध हालात में मौत से उनके परिजनों और सहकर्मियों में गहरा दुख है।
यह भी पढ़ें- अमर उजाला की खबर का असर: 44 दिन लापता रही युवती का शव मिलने के बाद हरकत में आई पुलिस, दो SHO पर गिरी गाज
जीआरपी ने की पुष्टि, जांच जारी
हाजीपुर-बछवाड़ा रेलखंड पर शव मिलने की पुष्टि करते हुए जीआरपी ने बताया कि उन्हें ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और अब मामले की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि राकेश कुमार की मृत्यु हादसे में हुई, या फिर यह किसी साजिश का हिस्सा है।