पुलिस की गिरफ्त में अपराधी और उनसे बरामद सामान
- फोटो : अमर उजाला
वैशाली जिले की बिदुपुर थाना पुलिस ने दाउदनगर पंचायत भवन के निकट एक बड़े स्मैक कारोबार का पर्दाफाश किया। इस दौरान पुलिस ने मौके से एक किलो से अधिक स्मैक और 13 लाख से अधिक नकदी के साथ पांच अंतरराज्यीय अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। वैशाली एसपी हर किशोर राय ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में दो मिजोरम से ताल्लुक रखने वाले सप्लायर शामिल हैं।
गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि 26 अक्तूबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिदुपुर थानाक्षेत्र में एक बड़े नशे के कारोबारी महेंद्र राय को मिजोरम से आए दो सप्लायर स्मैक की बड़ी खेप देने वाले हैं। इस सूचना के आधार पर एसपी के निर्देशन में बिदुपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी, जिला आसूचना इकाई और बिदुपुर थाना पुलिस की एक टीम का गठन किया गया।
छापामारी और अपराधियों की गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने दाउदनगर पंचायत भवन के पास छापामारी की, जहां संदिग्ध व्यक्तियों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। हालांकि सशस्त्र बल के सहयोग से पुलिस ने पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि कुछ अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार अपराधियों में महेंद्र राय, रामू कुमार, कविता राय और मिजोरम के लालहमिंग मोया और लाल थंग मोया शामिल हैं।
तलाशी में बरामद हुई स्मैक और नकदी
पकड़े गए अपराधियों की तलाशी के दौरान अलग-अलग पन्नियों में 995 ग्राम स्मैक और 0.095 ग्राम खैनी जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया। इसके अलावा एक छोटा डिजिटल तराजू, पांच मोबाइल फोन और कुल 13,37,547 रुपये नकदी भी जब्त की गई। फिलहाल गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ जारी है और पुलिस इस मामले में जुड़े अन्य फरार लोगों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह मादक पदार्थ कहां से आया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।