पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
- फोटो : अमर उजाला
वैशाली जिले के महुआ थानाक्षेत्र के अब्दुलपुर गांव में दहेज के लिए ससुरालवालों की हैवानियत का खौफनाक मामला सामने आया है। 24 वर्षीय उषा कुमारी की उसके ससुरालवालों ने कथित तौर पर इसलिए हत्या कर दी, क्योंकि उन्हें दहेज में सोने के लिए पलंग नहीं मिला। घटना के बाद आरोपी ससुरालवाले घर छोड़कर फरार हो गए। इस मामले को लेकर मृतका के परिजनों ने ससुरालवालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
शादी के डेढ़ साल बाद दहेज की मांग बनी जानलेवा
जानकारी के मुताबिक, उषा कुमारी की शादी डेढ़ साल पहले भोला पासवान के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। लेकिन शादी के बाद से ही पति और ससुरालवाले दहेज में सोने के लिए पलंग मांग रहे थे। मृतका के मायके वालों के अनुसार, उषा बार-बार इस मांग की जानकारी अपने परिवार को दे रही थी। परिजन दिलीप पासवान ने बताया कि उन्होंने मार्च में पलंग देने का आश्वासन भी दिया था, लेकिन इसके बावजूद ससुरालवालों का उत्पीड़न जारी रहा।
हत्या की आशंका: मारपीट और फांसी का आरोप
मृतका के परिजनों का आरोप है कि उषा के साथ पहले मारपीट की गई और बाद में फांसी लगाकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे, जहां उषा का शव मिला।
वहीं, घटना की सूचना पर महुआ थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेजा। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
इधर, घटना के बाद से मृतका के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। उन्होंने ससुरालवालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों और परिवारजनों का कहना है कि दहेज के लिए की गई यह हत्या समाज के लिए शर्मनाक है और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।