राजद नेता मुन्ना शुक्ला से रिश्ता बताकर दी गई धमकी
- फोटो : अमर उजाला
वैशाली जिले में इन दिनों एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति खुद को मुन्ना शुक्ला का भतीजा बताकर कुछ युवकों को धमकाते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई और इसकी पड़ताल शुरू की गई।
फर्जी निकला स्टेशन मास्टर का रिश्ता
जांच में सामने आया कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति लालगंज स्टेशन का स्टेशन मास्टर मनोज कुमार है। बताया गया कि यह वीडियो चार-पांच दिन पुराना है। उस समय कुछ युवक स्टेशन परिसर में मोटरसाइकिल से चक्कर लगा रहे थे। स्टेशन मास्टर ने इसे अनुचित मानते हुए युवकों को ऐसा करने से मना किया, जिस पर युवकों और स्टेशन मास्टर के बीच कहासुनी हो गई।
विवाद के दौरान दिया गया बयान
जानकारी के अनुसार, युवकों के कथित अभद्र व्यवहार से नाराज होकर स्टेशन मास्टर मनोज कुमार के मुंह से यह बात निकल गई कि वह मुन्ना शुक्ला का भतीजा है और ‘चीर दूंगा’। इस कथन के बाद युवक वहां से चले गए। हालांकि यह बयान बाद में विवाद का कारण बन गया।
पढ़ें- Bihar: डाकघर में भ्रष्टाचार का खेल उजागर, ट्रांसफर के नाम पर रिश्वत लेते पोस्टमैन गिरफ्तार
वीडियो वायरल होने के बाद माफी
वीडियो वायरल होने के बाद स्टेशन मास्टर मनोज कुमार का एक और वीडियो सामने आया, जिसमें उन्होंने अपने बयान के लिए माफी मांगी। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि युवकों का व्यवहार ठीक नहीं था और उन्हें डराकर वहां से हटाना उनका उद्देश्य था। उन्होंने यह भी कहा कि कानूनी कार्रवाई करने से युवकों का भविष्य प्रभावित हो सकता था, इसलिए उन्होंने उस समय ऐसा बोल दिया।
राजनीतिक संदर्भ और छवि का उल्लेख
गौरतलब है कि मुन्ना शुक्ला और उनकी पत्नी अन्नु शुक्ला लालगंज विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं। क्षेत्र में मुन्ना शुक्ला की एक प्रभावशाली छवि रही है, जिसका उल्लेख करते हुए स्टेशन मास्टर ने युवकों को डराने की बात कही थी। इस पूरे घटनाक्रम के बाद रेलवे प्रशासन और स्थानीय स्तर पर मामले को लेकर निगरानी रखी जा रही है।