सड़क हादसे में घायल हुए कांवड़िए
- फोटो : अमर उजाला
सावन के पवित्र सोमवार से पहले वैशाली जिले में कांवड़ यात्रा के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। सराय थाना क्षेत्र में रविवार देर रात कांवड़ियों से भरा एक ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चार श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, अन्य कांवड़ियों को भी हल्की चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और ई-रिक्शा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
पहलेजा घाट से जल लेकर लौट रहे थे कांवड़िए
जानकारी के अनुसार, सारण जिले के सोनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत फकराबाद गांव और अन्य इलाकों के कुल नौ कांवड़िया श्रद्धालु पहलेजा घाट से पवित्र गंगाजल भरकर मुजफ्फरपुर स्थित बाबा गरीबनाथ धाम जलाभिषेक के लिए निकले थे। रास्ते में कुछ कांवड़ियों के थककर रुकने पर उन्होंने सराय थाना के निकट एक ई-रिक्शा किराए पर लिया और सभी उसी पर सवार हो गए। लेकिन कुछ ही दूर चलते ही ई-रिक्शा असंतुलित होकर पलट गया।
यह भी पढ़ें- Sawan 2025: सोमेश्वरनाथ से लेकर थानेश्वर मंदिर तक शिवभक्ति में डूबा बिहार, हजारों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
घायलों में महिलाएं और किशोरी भी शामिल
इस हादसे में जिन कांवड़ियों को चोट आई, उनमें 47 वर्षीय राजमुनि देवी (पत्नी रामेश्वर राम), 16 वर्षीय किशोरी अंशु सोनी (पुत्री उमेश पासवान), 14 वर्षीय छोटी कुमारी (पुत्री रामेश्वर पासवान) और देवपति कुंवर (पत्नी उमेश पासवान) गंभीर रूप से घायल हुईं। सभी घायलों का इलाज हाजीपुर सदर अस्पताल में चल रहा है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
चालक फरार, पुलिस मौके पर पहुंची
घटना के तुरंत बाद ई-रिक्शा चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने घायल श्रद्धालुओं की मदद की और घटना की सूचना पुलिस को दी। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है, साथ ही फरार चालक की भी तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- Bihar News: सावन के पहले सोमवार को गंगा स्नान के दौरान किशोर गहरे पानी में डूबा, SDRF टीम कर रही तलाश