Bihar News: फायरिंग में धीरज कुमार को तीन गोलियां लगीं, जबकि उनके साले राकेश को दो गोलियां लगीं। परिजनों ने दोनों को तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
वैशाली जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को पुराने जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान एक पक्ष की ओर से की गई फायरिंग में दूसरे पक्ष के दो लोग गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक पटना स्थित इनकम टैक्स कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी भी शामिल है।
जानकारी के अनुसार, भगवानपुर थाना क्षेत्र के रामपुर बखरा गांव निवासी धीरज कुमार अपने घर के पास स्थित जमीन की घेराबंदी करवा रहे थे। इसी दौरान विरोधी पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और घेराबंदी करने से मना करने लगे। दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ी और विरोधी पक्ष के तीन लोगों ने हथियार से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग में धीरज कुमार को तीन गोलियां लगीं, जबकि उनके साले राकेश को दो गोलियां लगीं। परिजनों ने दोनों को तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों का इलाज डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने एक हथियार भी बरामद किया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि फर्द बयान दर्ज किए जाने के बाद एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।