वैशाली जिले में पुलिस पर हुए हमले के बाद जवाबी कार्रवाई का मामला सामने आया है, जिससे पूरे इलाके में तनाव फैल गया है। बरांटी थाना क्षेत्र के बहुआरा गांव में देर रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब स्थिति को शांत कराने पहुंची पुलिस टीम पर ही ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में कई लोग घायल हो गए।
क्लिनिक में मारपीट के बाद पुलिस पहुंची मौके पर
जानकारी के मुताबक, मामला बहुआरा गांव निवासी डॉक्टर ज्वाला के भतीजे और धर्मेंद्र पासवान के परिजनों के बीच फुलहरा बाजार में हुए विवाद से शुरू हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस विवाद के बाद धर्मेंद्र पासवान के परिजन डॉक्टर ज्वाला के क्लिनिक में घुस गए और उनके साथ मारपीट की। घटना की सूचना मिलते ही बरांटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप करने की कोशिश की।
यह भी पढ़ें- Bihar News: सड़क हादसे में सेंटरिंग मिस्त्री की मौत, ठेकेदार गंभीर घायल; तेज रफ्तार हाइवा ट्रक ने कुचला था
पुलिस टीम पर पथराव, गाड़ी क्षतिग्रस्त
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को शांतिपूर्ण समाधान की उम्मीद थी, लेकिन स्थिति इसके विपरीत हो गई। धर्मेंद्र पासवान के परिजनों और समर्थकों ने अचानक पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इस पथराव में पुलिस वाहन को भी क्षति पहुंची और पुलिसकर्मियों को पीछे हटना पड़ा। इसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए गांव में प्रवेश किया और जवाबी कार्रवाई की।
घायल हुए दर्जनों लोग, वीडियो आया सामने
घटना के बाद पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि पुलिस ने एक परिवार के घर में घुसकर लाठियां चलाईं। इस दौरान दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। घायलों में फुलना देवी, सीमा देवी, जलाल पासवान, शोभा देवी, यश कुमार, उषा कुमारी, मुस्कान कुमारी, कविता देवी और सविता कुमारी शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
घटना के बाद धर्मेंद्र पासवान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वे काम से लौट रहे थे, तभी पुलिस उनके घर में घुसी और महिलाओं-बच्चों समेत सभी की पिटाई कर दी। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनका उस विवाद से कोई लेना-देना नहीं था, जो बाजार में हुआ था।
यह भी पढ़ें- Bihar: ‘पाकिस्तान को और सबक सिखाया जाना चाहिए था’, ऑपरेशन सिंदूर पर बोले सुब्रमण्यम स्वामी; ये सवाल भी उठाए
थाना अध्यक्ष ने दी सफाई
बरांटी थाना अध्यक्ष आशुतोष शुक्ला ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें सूचना मिली थी कि एक क्लिनिक में कुछ लोग डॉक्टर की पिटाई कर रहे हैं। पुलिस मौके पर पहुंचकर घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेज रही थी, तभी दूसरे पक्ष ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि हमले के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की है और मामले की जांच जारी है। हालांकि इस घटना के बाद बहुआरा गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस बल को इलाके में तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह की और अनहोनी को रोका जा सके।