कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय
- फोटो : Amar Ujala
सीतामढ़ी जिले स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब नौवीं कक्षा की एक छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में विद्यालय की ऊपरी मंजिल से बरामद किया गया। घटना रीगा थाना क्षेत्र की है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। अचानक हुई इस घटना के बाद से आवासीय परिसर में रह रही अन्य छात्राओं और विद्यालय कर्मियों के बीच डर और चिंता का माहौल व्याप्त है।
मोतिहारी की रहने वाली थी छात्रा
मृतक छात्रा मूल रूप से मोतिहारी जिले की रहने वाली थी और उसके माता-पिता हरियाणा में मजदूरी करते हैं। परिजनों के बाहर होने के कारण उसकी बुआ और फूफा ही उसके स्थानीय अभिभावक (लोकल गार्जियन) हैं। सदर एसडीपीओ आशीष आनंद के अनुसार, छात्रा का नामांकन करीब एक महीने पहले ही इस विद्यालय में हुआ था। इसके अलावा, लगभग 15 दिन पहले उसकी छोटी बहन का दाखिला भी इसी स्कूल में कराया गया था। शनिवार को बुआ-फूफा दोनों बहनों को स्कूल छोड़कर गए थे और आगामी दुर्गा पूजा में घर ले जाने की बात कही थी, लेकिन उनके जाने के थोड़ी ही देर बाद यह हादसा हो गया।
मौत के कारणों का पता नहीं चल सका
प्रारंभिक जांच और पूछताछ में यह बात सामने आई है कि छात्रा हॉस्टल (आवासीय विद्यालय) में रहने की इच्छुक नहीं थी। शनिवार को जब अभिभावक उसे छोड़कर चले गए, उसके बाद वह विद्यालय की ऊपरी मंजिल की तरफ गई थी। कुछ समय बाद परिसर की ही एक अन्य बच्ची ने शव देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस अधिकारी का कहना है कि शुरुआती छानबीन में हॉस्टल में न रहने की अनिच्छा की बात सामने आई है। हालांकि, मौत के सटीक कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
ये भी पढ़ें-
आठ दिन से लापता अमन का नहीं मिला सुराग: ग्रामीणों का फूटा गुस्सा; तीन घंटे तक मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन जाम
मामले की जांच शुरू
रीगा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हर पहलू से इस घटना की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल के निरीक्षण और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस विद्यालय परिसर के स्टाफ, छात्राओं तथा रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना से ठीक पहले की परिस्थितियों और वजहों का स्पष्ट रूप से पता लगाया जा सके।