पुलिस की गिरफ्त में आरोपी पीनू डॉन
- फोटो : अमर उजाला
बेतिया में चर्चित शिवपूजन महतो के अपहरण कांड और हथियार के बल पर जमीन रजिस्ट्री कराने के मुख्य आरोपी पीनू डॉन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पीनू डॉन मंत्री रेणु देवी का भाई है। कांड के मुख्य आरोपी पीनू डॉन को पकड़ने में एसडीपीओ विवेक दीप ने अहम भूमिका निभाई है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने उसे 500 मीटर दौड़कर गिरफ्तार किया है। पीनू डॉन कोर्ट में आत्मसमर्पण करने पहुंचा था।
जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान पीनू डॉन ने कोर्ट में सरेंडर करने की कोशिश की थी। लेकिन पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस और प्रशासन पर राजनीतिक दबाव भी देखा जा रहा है, क्योंकि आरोपी का संबंध राज्य की मंत्री रेणु देवी से है।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने सुबह ही पीनू डॉन के तीन ठिकानों पर इश्तिहार चिपकाने की कार्रवाई की थी। पीनू डॉन कई दिनों से फरार था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। शिवपूजन अपहरण कांड ने राज्य में काफी चर्चाएं बटोरी थीं और पीनू डॉन इस मामले में मुख्य आरोपी है। पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है। उम्मीद की जा रही है कि पीनू डॉन से पूछताछ के बाद अन्य खुलासे हो सकते हैं। यह मामला राज्य की राजनीति और कानून व्यवस्था के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है।
गौरतलब है कि बीते शनिवार को व्यापारी शिवपूजन महतो का दिनदहाड़े अपहरणकर्ताओं ने काली कार में पिस्तौल के बल पर अपहरण कर लिया था। उसके बाद पिस्तौल सटाकर जमीन की रजिस्ट्री कराकर व्यवसायी को छोड़ दिया था। इस पूरे मामले में पीनू डॉन का नाम सामने आया था। तब से पीनू डॉन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापामारी कर रही थी।