जिले में पुलिसकर्मियों द्वारा एक युवक को बुरी तरह से पीटने का मामला सामने आया है। घायल युवक गोरौल थाना क्षेत्र के हुसैना बुजुर्ग निवासी जय गोपाल पासवान के पुत्र सन्नी कुमार बताया गया है। घायल युवक ने काजीपुर थाना अध्यक्ष एवं पुलिस कर्मी पर बंदूक से मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाया है। वहीं युवक ने पुलिस कर्मियों पर मां बहन की गाली देने का भी आरोप लगाया।
घायल का इलाज जारी
बताया जाता है कि सनी कुमार हाजीपुर के पहेतिया गांव में अपनी भाभी को पहुंचाने आया था। भाभी को पहुंचने के बाद वह मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान करताहा चौक के निकट एक अल्टो गाड़ी उक्त युवक का पीछा करने लगी। युवक को लगा कि कोई बदमाश उसका पीछा कर रहा है, जिसके बाद वह तेजी से गाड़ी चलाकर भगवानपुर न्यू साहू होटल रतनपुरा के पास पहुंचा। जैसे ही उसने वहां मोटरसाइकिल रोकी वैसे ही कार से गाजीपुर थाना के कई पुलिसकर्मी एवं थाना अध्यक्ष उतरकर उसके साथ मारपीट करने लगे। मारपीट के पश्चात पुलिसकर्मी उसके गाड़ी और युवक को लेकर काजीपुर थाना पर पहुंच गए। काजीपुर थाना पर भी उसके साथ पुलिस कर्मियों ने मारपीट की, फिलहाल घायल युवक का इलाज चल रहा है।