मोतिहारी के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बालगंगा गांव में जहरीली स्प्रिट (शराब) पीने से लोगों की मौत का सिलसिला लगातार जारी है। घटना के तीन दिन बाद भी मौतों का सिलसिला नहीं रुक रहा है। शुक्रवार तक पांच लोगों के मौत की खबर थी। वहीं, शनिवार सुबह दो और लोगों के मौत की खबर सामने आई है। इसके अलावा एक व्यक्ति की आंखों की रोशनी चले जाने की खबर ने इलाके में हड़कंप मचा दिया।
मृतकों की संख्या बढ़ी, कई लोग अभी भी बीमार
मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की संख्या सात हो गई है। जहरीली शराब पीने से पिछले दो दिनों में चंदू, तुरकौलिया थाना क्षेत्र के परसौना निवासी प्रमोद यादव, परीक्षण मांझी, हीरालाल महतो और बालगंगा के एक युवक की मौत हुई थी। वहीं, शनिवार को रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के हरदिया के रहने वाले लालकिशोर राय और बालगंगा मुसहरी टोला के रहने वाले लड्डू की मौत हो गई। सूत्रों के अनुसार, अभी भी कई लोग ऐसे हैं जो जहरीली शराब पीने से बीमार हैं और चोरी-चुपके इलाज करा रहे हैं। बताया जा रहा है कि गांव के कुछ लोगों ने शराब समझकर स्प्रिट का सेवन कर लिया। सेवन के कुछ ही देर बाद सभी की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान अबतक दो लोगों की मौत हो चुकी है। अभी अन्य कई पीड़ितों का इलाज जारी है।
आंखों की रोशनी प्रभावित, मामले की गंभीरता बढ़ी
डॉक्टरों के अनुसार, इस जहरीली शराब के सेवन से पहले आंखों की रोशनी प्रभावित होती है। इससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है।
गांव में भय और आक्रोश, अवैध शराब पर सवाल
घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब और स्प्रिट का कारोबार चल रहा है, लेकिन इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। साथ ही अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर राज्य में लागू शराबबंदी कानून और उसकी प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
चौकीदार भरत रॉय गिरफ्तार
चौकीदार भरत रॉय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तुरकौलिया थाना के SHO उमाशंकर मांझी को लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। वहीं, रघुनाथपुर में हुई हत्या के मामले में भी केस दर्ज कर लिया गया है. हीरालाल भगत के परिजनों के आवेदन पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
SIT जांच में खुला स्पिरिट तस्करी का नेटवर्क
मोतिहारी एसपी के अनुसार, SIT जांच में पूरे नेटवर्क की कड़ियां जुड़ चुकी हैं। पिपराकोठी के शराब माफिया कन्हैया और राजा ने स्पिरिट मंगवाया था, जिसे परसौना के खलीफा और सुनील शाह को बेचा गया। इसके बाद खलीफा और सुनील शाह ने इस स्पिरिट को आगे नागा रॉय और जम्मू बैठा तक पहुंचाया। नागा रॉय ने इसे परसौना इलाके में सप्लाई किया, जबकि जम्मू बैठा ने बालगंगा क्षेत्र में इसका वितरण किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजा, जम्मू बैठा और नागा रॉय को गिरफ्तार कर लिया है तथा स्पिरिट की बड़ी खेप भी जब्त की गई है, जिसे केमिकल जांच के लिए भेजा गया है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
ये भी पढ़ें;
Bihar News: मौत से जंग लड़ रहे नेशनल खिलाड़ी से मिलने पहुंचीं मंत्री श्रेयसी सिंह, अपराधियों ने मारी थी गोली
एसपी ने दी अहम जानकारी
मोतिहारी एसपी ने बताया कि केमिकल एग्जामिनेशन रिपोर्ट में जब्त किए गए 700 लीटर स्प्रिट को शुद्ध मेथनॉल पाया गया है, जो बेहद जहरीला था। इस खेप का कुछ हिस्सा परसौना और बालगंगा में सप्लाई भी किया गया था। यदि यह पूरी मात्रा सप्लाई हो जाती, तो हजारों लोगों की जान जा सकती थी, लेकिन एसआईटी ने समय रहते कार्रवाई कर बड़ी घटना टाल दी।