फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: नीतीश सेतु के उद्घाटन पर पीएम मोदी ने पासवान को क्यों किया याद? क्या बोले चिराग

Sat, 21 Nov 2026 08:01 PM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वैशाली

सार

वैशाली में नीतीश सेतु के उद्घाटन के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान को याद किया। उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान ने बिहार के विकास के जो सपने देखे थे, उन्हें पूरा करने की दिशा में एनडीए सरकार काम कर रही है।
विज्ञापन
बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैशाली में नीतीश सेतु के उद्घाटन के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान को याद किया। उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान ने बिहार के विकास के जो सपने देखे थे, उन्हें पूरा करने की दिशा में एनडीए सरकार काम कर रही है। पीएम ने भरोसा जताया कि रामविलास पासवान की आत्मा आज जहां भी होगी, वह इस उपलब्धि पर खुश हो रही होगी। वहीं, केंद्रीय मंत्री और स्थानीय सांसद चिराग पासवान ने अपने पिता के अधूरे सपनों को पूरा करने का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की इच्छाशक्ति को दिया।
विज्ञापन


प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बिहार ने उम्मीद और विश्वास की नई राह चुनी है। दशकों तक बदहाली झेलने वाले बिहार को नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन का भरोसा मिला। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने लंबे समय तक मुख्यमंत्री के रूप में बिहार की सेवा की। अब उनके आशीर्वाद से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उनकी टीम विकास के इस अभियान को आगे बढ़ा रही है। इसी क्रम में वैशाली में हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है। पीएम ने कहा कि सरकार रामविलास पासवान के सपनों को भी साकार करने में जुटी है।

चिराग पासवान बोले- पीएम ने पिता की तरह मार्गदर्शन किया
इससे पहले सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने अपने पिता रामविलास पासवान को याद किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने दशकों तक इस क्षेत्र के विकास के लिए प्रयास किया था। उनके अधूरे सपनों को पूरा करने के संकल्प के साथ जब वह आगे बढ़े, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर कदम पर उनका साथ दिया। चिराग ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पिता की तरह उनका मार्गदर्शन किया और हौसला बढ़ाया। इसके लिए वह उनके प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।
विज्ञापन


चिराग पासवान ने नीतीश सेतु के निर्माण को डबल इंजन सरकार की सोच का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में लगातार विकास कार्य धरातल पर उतर रहे हैं। जिस नीतीश सेतु का उद्घाटन होने जा रहा है, वह दशकों से स्थानीय लोगों की मांग थी। चिराग ने इसके निर्माण और पूरा होने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की इच्छाशक्ति को भी श्रेय दिया।

विकसित भारत के लिए विकसित बिहार जरूरी
चिराग पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विकसित भारत का लक्ष्य विकसित बिहार के निर्माण के बिना पूरा नहीं हो सकता। प्रधानमंत्री का लगातार बिहार आना प्रदेश के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दिखाता है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और व्यवस्थागत बदलावों के कारण पिछले 12-13 वर्षों में देश की करीब 50 करोड़ आबादी गरीबी रेखा से बाहर निकली है। चिराग ने कहा कि कई राजनीतिक दलों ने गरीबी हटाने के नाम पर केवल नारे दिए, जबकि प्रधानमंत्री ने इस दिशा में वास्तविक काम किया है।

नक्सलवाद और नशामुक्त भारत के संकल्प का किया जिक्र
चिराग पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री के दृढ़ निश्चय के कारण बिहार समेत पूरे देश में नक्सलवाद पर प्रभावी अंकुश लगा है। युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में भी महत्वपूर्ण काम हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का अगला संकल्प भारत को नशामुक्त बनाना है। चिराग ने बिहार की जनता की ओर से भरोसा दिलाया कि इस लक्ष्य को पूरा करने में प्रदेश के लोग प्रधानमंत्री के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे। अंत में चिराग ने बिहार आने और प्रदेश के हर क्षेत्र तथा वर्ग को सम्मान देने के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें