फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: तेज रफ्तार बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में दो युवकों की मौत, खेल विभाग में कार्यरत था एक मृतक

Tue, 18 Feb 2025 09:14 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर

सार

Muzaffarpur News: पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हादसा दोनों बाइक की तेज रफ्तार के कारण हुआ। दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की जांच जारी है।
विज्ञापन
पुलिस मामले की जांच में जुटी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुजफ्फरपुर जिले में एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सरैया थाना क्षेत्र के एनएच-722 पर अंबारा चौक के पास मंगलवार शाम दो हाई-स्पीड बाइक आमने-सामने भिड़ गईं, जिससे दोनों बाइक सवारों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

विज्ञापन

 
जानकारी के मुताबिक, हादसे में अपाचे बाइक सवार की पहचान सारण जिले के भागवतनगर निवासी मंजीत सिंह के रूप में हुई, जो मुजफ्फरपुर के खेल विभाग में कार्यरत थे। वहीं, दूसरी राइडर बाइक पर सवार युवक की पहचान सरैया थाना क्षेत्र के बसंतपुर पट्टी निवासी लखन पासवान के रूप में हुई।
 
चश्मदीदों के अनुसार, मंजीत सिंह अपनी अपाचे बाइक से मुजफ्फरपुर से छपरा स्थित अपने घर लौट रहे थे, जबकि लखन पासवान रेवा गांव से सामान लेकर अंबारा चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अंबारा चौक के पास दोनों तेज रफ्तार बाइकें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
विज्ञापन



 
जानकारी के अनुसार, मंजीत सिंह की शादी अप्रैल में तय थी, उनकी सगाई भी हो चुकी थी। घरवाले शादी की तैयारियों में व्यस्त थे, लेकिन बेटे की मौत की खबर से पूरा परिवार गमगीन हो गया। वहीं, लखन पासवान की बहन की शादी बुधवार को होनी थी। मंगलवार को घर में मरवा-मटकोर की रस्में चल रही थीं, इसलिए वह कुछ सामान लेने रेवा गांव गए थे। लौटते समय यह हादसा हो गया। घर में शादी का माहौल था, लेकिन अचानक मातम पसर गया।

घटना की सूचना मिलते ही सरैया थाना प्रभारी सह प्रशिक्षु आईपीएस गरिमा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच मेडिकल कॉलेज, मुजफ्फरपुर भेज दिया। प्रशिक्षु आईपीएस गरिमा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हादसा दोनों बाइक की तेज रफ्तार के कारण हुआ। दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की जांच जारी है।
विज्ञापन

 
इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम छा गया है। मंजीत सिंह और लखन पासवान के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। दोनों घरों में शादी की खुशियां थीं, लेकिन अब चीत्कार मची हुई है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें