मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद शव को गायब करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या कर सबूत मिटाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद मृतका के ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। हालांकि पुलिस का कहना है कि अब तक मृतका के परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
मृतका के परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
जानकारी के मुताबिक, 25 वर्षीय मृतका मनीषा कुमारी की शादी वर्ष 2021 में साहेबगंज थाना क्षेत्र के धर्मपुर निवासी जितेंद्र भगत से हुई थी। शादी के बाद उसके दो बेटियां (तीन वर्ष और दो वर्ष) हैं। मृतका के मायके पक्ष का आरोप है कि ससुरालवालों ने मनीषा की हत्या कर दी और हत्या के बाद शव का आनन-फानन में दाह संस्कार भी कर दिया, ताकि सबूत मिटाया जा सके। जब मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे तो वहां ससुरालवाले पहले ही फरार हो चुके थे।
मृतका के परिजनों ने बताया कि उन्हें जब मनीषा की मौत की खबर मिली, तो वे तुरंत उसके ससुराल पहुंचे। लेकिन वहां पहुंचने पर देखा कि शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया था। इस बात से वे स्तब्ध रह गए और हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी।
‘आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई’
घटना की जानकारी मिलते ही साहेबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस संबंध में थाना प्रभारी सिकंदर कुमार ने बताया कि एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। हालांकि अब तक मृतका के परिजनों ने कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। अगर आवेदन दिया जाता है, तो पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और ससुराल पक्ष के फरार लोगों की तलाश में जुटी है।
ग्रामीणों ने भी किया मामले को दबाने का प्रयास?
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद ग्रामीणों द्वारा मामले को रफा-दफा करने का भी प्रयास किया गया। ग्रामीणों ने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की, लेकिन मृतका के परिजन न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं।
पुलिस जांच के घेरे में कई सवाल हैं, जैसे- क्या मनीषा की मौत हत्या थी या आत्महत्या? अगर यह आत्महत्या थी तो ससुराल पक्ष ने शव का इतनी जल्दी अंतिम संस्कार क्यों कर दिया? परिजनों को मौत की सूचना देर से क्यों दी गई? और ससुराल पक्ष के लोग फरार क्यों हो गए? फिलहाल मृतका के परिजन दोषियों की गिरफ्तारी और न्याय की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।