Muzaffarpur News: मीनापुर प्रखंड मुख्यालय में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान बड़ा विवाद खड़ा हो गया। सम्मेलन स्थल मीनापुर हाई स्कूल के मुख्य द्वार पर लगी महात्मा गांधी की प्रतिमा पर भाजपा की टोपी, पट्टी और झंडा लगा दिया गया। तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होते ही सियासी बवाल मच गया।
मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर प्रखंड मुख्यालय में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया। सम्मेलन स्थल मीनापुर हाई स्कूल के मुख्य द्वार पर लगी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर भाजपा की टोपी, पट्टी और झंडा लगाए जाने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। तस्वीरें सामने आते ही राजनीति गरमा गई और राजद विधायक राजीव कुमार उर्फ मुन्ना यादव भड़क उठे।विधायक तुरंत मौके पर पहुंचे और प्रतिमा से झंडा व टोपी हटवाया। इसके बाद उन्होंने जिला प्रशासन को मामले की जानकारी दी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन
दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग
राजद विधायक ने कहा, “महात्मा गांधी ने देश की आज़ादी के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। उनकी प्रतिमा के साथ इस तरह का खिलवाड़ असहनीय है। यह बापू का अपमान है, जिसे महागठबंधन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं करेगा।”उन्होंने बताया कि कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर गांधी प्रतिमा को गंगाजल से स्नान कराकर पवित्र किया गया और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
भाजपा की टोपी और पट्टी लगी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल
स्थानीय लोगों ने बताया कि शनिवार शाम को एनडीए का कार्यकर्ता सम्मेलन समाप्त होने के कुछ ही देर बाद गांधी प्रतिमा पर भाजपा की टोपी और पट्टी लगी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। इन तस्वीरों में साफ दिखाई दे रहा है कि प्रतिमा के सिर पर भाजपा की टोपी और गले में पार्टी की पट्टी लटकी हुई थी। विधायक मुन्ना यादव ने कहा कि यह घटना भाजपा की मानसिकता को दर्शाती है और यह राष्ट्रपिता का अपमान है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक प्रशासन दोषियों पर कार्रवाई नहीं करता, विरोध जारी रहेगा।